{"_id":"13774979b3c73b18997aaede9774314b","slug":"railwaymen-s-union-gathered-to-create-an-atmosphere-of-strike-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"हड़ताल का माहौल बनाने में जुटीं रेलकर्मी यूनियन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हड़ताल का माहौल बनाने में जुटीं रेलकर्मी यूनियन
शाहजहांपुर।
Updated Tue, 09 Feb 2016 08:28 PM IST
विज्ञापन
रेल मंत्रालय में लंबित 36 सूत्री मांगों को पूरा कराने के लिए अप्रैल माह में प्रस्तावित रेल कर्मचारियों की ऑल इंडिया हड़ताल को सफल बनाने के माहौल में रेलकर्मी यूनियनें जुट गई हैं। नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन और उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों ने विभिन्न स्टेशनों पर रेल कर्मचारियों से संपर्क करके उनसे हड़ताल के पक्ष में मतदान करने का अनुरोध किया।
विज्ञापन
नरमू के शाखा सचिव नरेंद्र त्यागी और इसी यूनियन की रोजा इकाई के सचिव अमित भागवत मिश्र ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वेतन आयोग की कर्मचारी विरोधी रिपोर्ट वापस लिए जाने सहित अन्य तमाम मांगों को लेकर 11 अप्रैल को प्रस्तावित रेल रोको आंदोलन कामयाब बनाने के लिए सरकार को 11 मार्च को नोटिस दिया जाएगा और इससे पहले 11 व 12 फरवरी को गुप्त मतदान के जरिए कर्मचारियों की हड़ताल पर राय ली जाएगी।
विज्ञापन
नरमू के कर्मचारी नेताओं ने कहा कि इस बार हड़ताल से चूके तो सरकार पर हमारी कमजोरी जाहिर होगी और इससे कर्मचारी हित प्रभावित होंगे। जन जागरण अभियान में रामनिवास, दीपक कुमार, अवधेश सक्सेना, योगेश पाल, धीरज यादव, राकेश कुमार, राजकुमार, सुनील मालवीय, रमाशंकर दीक्षित, जितेंद्र कुमार, रामहरि मिश्रा आदि शामिल रहे। उधर, उरमू के शाखा सचिव राजीव शर्मा ने यूनियन की ओर से हड़ताल को लेकर कराए गए मतदान में रेलकर्मियों से मिले सहयोग का आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन