UP News: शाहजहांपुर में पुल पर खड़ी की बाइक, टंकी पर पत्नी का फोन नंबर लिख नदी में कूद गया बुजुर्ग
शाहजहांपुर में बाढ़ से उफनाई खन्नौत नदी के पुल से एक शख्स नीचे कूद गया। नदी में कूदने से पहले उसने अपनी बाइक की पेट्रोल टंकी पर अपना फोन नंबर लिख दिया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
विस्तार
शाहजहांपुर में पुल पर बाइक खड़ी करने के बाद उसकी टंकी पर पत्नी का फोन नंबर लिखकर बुजुर्ग ने सोमवार को खन्नौत नदी में छलांग लगा दी। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बाइक पर लिखे नंबर को मिलाकर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। एसडीआरएफ और पीएसी की टीम बुजुर्ग की तलाश कर रही हैं, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल रहा।
थाना रोजा क्षेत्र में हथौड़ा गांव के पास स्थित एकता नगर कॉलोनी निवासी आदित्य सक्सेना (62) बरतारा स्थित विनोबा सेवा आश्रम में मैनेजर हैं। पुराने जिला अस्पताल के पास रहने वाले उनके भाई डॉ. अरुण सक्सेना ने बताया कि उनके भाई अवसाद में चल रहे थे। उनका इलाज कराया जा रहा था।
यह भी पढ़ें- UP: बरेली में मौलाना शहाबुद्दीन रजवी का विवादित बयान, कहा- धीरेंद्र शास्त्री हजरत-ए-आदम की औलाद
उनकी भाभी इंदु भी बीमार चल रही हैं। उनके शरीर में हीमोग्लोबिन पांच रह गया है। उन्होंने बताया कि आदित्य सुबह बाइक लेकर घर से निकल गए। किसी युवक ने उनकी भाभी को फोन करके बताया कि लाल बाइक से आया एक व्यक्ति खन्नौत नदी में कूद गया है। उनकी बाइक पर यह नंबर लिखा था।
परिजनों के पहुंचने से पहले मौके पर थाना सदर बाजार पुलिस की टीम पहुंच गई। पुलिस की सूचना पर प्रशासन ने तुरंत एसडीआरएफ और पीएसी की फ्लड यूनिट को मौके पर भिजवाया। पुलिस ने भी लिखे हुए नंबर पर कॉल कर परिजनों को जानकारी दी। आदित्य सक्सेना की तलाश में दो टीमें स्टीमर के साथ लगी हुईं हैं।
सबसे पहले घटनास्थल पर आदित्य सक्सेना के भाई डॉ. अरुण सक्सेना और उनकी पत्नी नीरू सक्सेना पहुंचे। कुछ देर में रिश्तेदारों की मदद से आदित्य सक्सेना की पत्नी इंदु सक्सेना पहुंचीं। पति के नदी में कूदने की जानकारी होने पर वह बदहवास हो गईं। आदित्य सक्सेना की बेटी श्रेया जीएफ कॉलेज से एमएससी कर रही है।
रविवार को बरेली में उसका प्रारंभिक अर्हता का पेपर था। सोमवार को दोपहर में वह बरेली से सीधे घटनास्थल पर पहुंची और पिता के नदी में कूदने की बात सुनकर बदहवास हो गई। उसका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोग आदित्य के सही सलामत होने की कामना कर रहे हैं।
गर्रा नदी में एक कूदा, दो ने की कोशिश
गर्रा नदी में एक व्यक्ति कूद गया तो दो ने कूदने की कोशिश की। सभी को बचा लिया गया। चौक कोतवाली इलाके के मोहल्ला मेहमान शाह निवासी चांद मियां का पत्नी से विवाद हो गया था। वह रविवार को सुबह दस बजे मोक्षधाम पुल पर आया और रेलिंग पर चढ़ गया। यह देख लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर राजघाट चौकी प्रभारी सुशांत राजपूत मौके पर आ गए। उन्होंने समझा बुझाकर उसे नीचे उतारा।
रात करीब 10:30 बजे मोहल्ला अजीजगंज निवासी विमल राठौर भी पत्नी से विवाद के बाद नशे में पुल के नीचे उतर गया। नदी के पास जाकर कूदने ही वाला था कि राजघाट पुलिस ने उसे रोक लिया। परिजनों को बुलाकर सुपुर्दगी में दे दिया।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: बाढ़ से कटी सड़क के नीचे पानी में मिली बाइक और चप्पलें... पूर्व फौजी लापता, डूबने की आशंका
वहीं, सोमवार को सुबह करीब 10 बजे चौक कोतवाली इलाके की गिहार बस्ती निवासी राजू भी गर्रा नदी में कूद गया। पुलिस ने स्टीमर से तत्काल ही उसकी तलाश शुरू कराई। गनीमत रही कि थोड़ी ही दूरी पर उसे सकुशल नदी से निकाल लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसके पास पैसे खत्म हो गए थे। इसीलिए वह नदी में कूद गया।