{"_id":"56f046804f1c1be21af14d24","slug":"holi-gift-set-to-full-power","type":"story","status":"publish","title_hn":" होली पर भरपूर बिजली का तोहफा देने की तैयारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
होली पर भरपूर बिजली का तोहफा देने की तैयारी
ब्यूरो /शाहजहांपुर
Updated Tue, 22 Mar 2016 12:37 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रंगों के त्यौहार होली पर शाम से लेकर देर रात तक मेहमाननवाजी करते वक्त बिजली की आपात कटौती और लाइन फाल्ट परेशान नहीं करेंगे। दरअसल, त्यौहार के उल्लास को बरकरार रखने के लिए पॉवर कारपोरेशन के अधिकारियों ने होलिका दहन से लेकर तीन दिन तक शहरी क्षेत्र को कटौती मुक्त बिजली सप्लाई देने के लिए उच्चाधिकारियों से संपर्क साधा है। इधर, शहरी क्षेत्र के अधिशासी अभियंता ने लाइन स्टाफ की छुट्टियां रद्द करके कर्मचारियों को सब स्टेशनों पर बने रहने के निर्देश दिए हैं। शहरी क्षेत्र में रोजाना नौ घंटे की नियमित बिजली कटौती के साथ अक्सर दिन ढलने के बाद होने वाली आपात कटौती से लोग खासे परेशान हैं। चूंकि, रंग खेलने के बाद घरों में मेहमानों का आना-जाना देर रात तक लगा रहता है। ऐसे में बिजली फाल्ट और कटौती से त्यौहार के उल्लास में व्यवधान पड़ सकता है। इसी स्थिति को भांपते हुए विभागीय अधिकारियों ने होली पर बिजली बनाए रखने के खास प्रबंध किए हैं। एक्सईएन सिटी विवेक पटेल ने बताया कि बुधवार की शाम होलिका दहन के बाद से लाइन स्टाफ के कर्मचारी शहर के सभी सात सब स्टेशनों पर बने रहेंगे। किसी भी क्षेत्र में फाल्ट की सूचना मिलते ही अवर अभियंताओं को लाइन स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर जाने के निर्देश दिए हैं। त्यौहार के मद्देनजर अवकाश के प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिए गए हैं। शुक्रवार तक कटौती मुक्त बिजली सप्लाई के लिए लखनऊ पॉवर सिस्टम कंट्रोल के अधिकारियों से आश्वासन मिला है। एक्सईएन के अनुसार पूरी उम्मीद है कि त्यौहार पर बिजली का संकट नहीं रहेगा।
विज्ञापन