मिर्जापुर। पैलानी उत्तर ग्राम पंचायत के करीब एक दर्जन मतदाताओं ने क्षेत्रीय लेखपाल/बीएलओ पर वोट काटने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को शपथ देकर यथास्थिति बनाए रखने की अपील की है।
ग्राम पंचायत पैलानी उत्तर निवासी अंसार, बबलू, हसीन, नदीम, शमशुल, हनीफ, धारम, रहमान, टुनिया, अच्छन, इस्माइल समेत करीब दो दर्जन मतदाताओं ने एसडीएम को दिए शपथपत्र में कहा है कि उनके पूर्वज पैलानी उत्तर ग्राम पंचायत में रहते आए हैं। किंतु क्षेत्रीय लेखपाल दूसरी ग्राम पंचायत भरतपुर से ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ने वालों से सांठगांठ करके उनके वोट पैलानी उत्तर ग्राम पंचायत से पृथक कर भरतपुर ग्राम पंचायत में जोड़ रहे हैं। इस पर उन्हें एतराज है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को शपथपत्र देकर उनके वोट पूर्व की भांति पैलानी उत्तर ग्राम पंचायत में ही रखे जाने के की अपील की हैं। पैलानी उत्तर ग्राम पंचायत के लेखपाल सत्येंद्र सिंह का कहना है कि पैलानी उत्तर ग्राम पंचायत के मजरा इस्लाम नगर के लगभग ढाई दर्जन मूल निवासी रोड के दूसरी तरफ ग्राम पंचायत भरतपुर के रकबे में छप्पर डालकर रह रहे हैं। इनके वोट नियमानुसार भरतपुर में ही होने चाहिए।