शाहजहांपुर। डीएम के अनुमोदन पर जलालाबाद पुलिस ने जनसेवा केंद्र पर ग्राहकों के अंगूठे का क्लोन बनाकर धोखाधड़ी कर रुपये निकालने वाले गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई। तीन आरोपियों को बारह पत्थर चौराहे से गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि तीन आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
छह महीने पहले पुलिस ने जनसेवा केंद्र संचालकों द्वारा धोखाधड़ी करने के मामले का खुलासा किया था। सीओ मस्सा सिंह ने बताया कि गिरोह के सदस्य वर्मा इंटरनेट जनसेवा केंद्र, कृष्णा जनसेवा केंद्र और आरोही जनसेवा केंद्र पर ग्राहकों के अंगूठे के निशान लगवा लेते थे। इस बीच गोंद लगाकर उसका क्लोन बनाकर खाते से रुपये निकाल लेते थे, जबकि ग्राहकों से रुपये खाते में नहीं आने की बात कहते हुए टरका देते थे। शक होने पर जलालाबाद के गांव रामापुर बैन निवासी रामरतन, सिकंदरपुर के सुरेश व कानूनगोयान के शिवपाल की तहरीर पर पुलिस ने हुकम सिंह निवासी ढका उजेरा, शिवराम निवासी बझेड़ा महुआडांडी और सुनील कुमार त्रिपाठी ब्रहनान को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जबकि संदीप उर्फ भानू निवासी खखूड़ी, देवव्रत निवासी गुरगवां, गौरव निवासी नीलम टॉकीज जलालाबाद फरार हो गए थे। इस बीच डीएम की अनुमति व एसपी के अनुमोदन के बाद गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई। जिसके बाद जलालाबाद के थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने शनिवार सुबह बारह पत्थर चौराहे से रामरतन, सुरेश व शिवपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।