Shahjahanpur: संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों के सामने किसान ने खाया जहर, तहसील में मचा हड़कंप
शाहजहांपुर की पुवायां तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में गांव बिलंदापुर निवासी किसान बलजीत सिंह बग्गा ने जहर खा लिया। इससे तहसील में हड़कंप मच गया। उनको उपचार के लिए सीएचसी पर ले जाया गया। बाद में किसान को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
विस्तार
शाहजहांपुर की पुवायां तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देने के बाद 45 वर्षीय किसान ने अधिकारियों के सामने जहर खा लिया। इससे अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया, जहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। किसान के पास से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें जमीन के मामले में कार्रवाई नहीं होने से आहत होकर आत्मघाती कदम उठाने की बात लिखी है। डॉक्टरों ने बताया कि किसान की हालत में सुधार आ रहा है।
सीडीओ एसबी सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की शिकायतें सुनी जा रहीं थीं। एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी, एसडीएम संजय कुमार पांडे, सीओ पंकज पंत, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय भी मौजूद थे। इस दौरान गांव बिलंदापुर जमीने मझिगवां निवासी बलजीत सिंह बग्गा प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचे।
ये भी पढ़ें- Bareilly: जिसके प्यार में गया जेल, उसी से की शादी, अब सता रहा जान का खतरा; नवदंपती ने मांगी सुरक्षा
जमीन विवाद से जुड़ा है मामला
उन्होंने बताया कि उनके बाबा हजारा सिंह की जमीन को एक व्यक्ति ने धोखे से अपने नाम करा लिया। आज तक उनको हिस्सा नहीं मिला। बैनामा कराने के बाद उसने चक रोड पर भी कब्जा कर लिया। लेखपाल की मिलीभगत से कोई कार्रवाई नहीं हो रही। एक आरोप यह भी लगाया कि उनके मकान की ओर सीसीटीवी कैमरा लगाकर उनकी निजता भंग की जा रही है। रुपये जमा करने के बाद भी उनके पुत्र अविदीप के नाम नलकूप कनेक्शन नहीं किया जा रहा।
सीडीओ एसबी सिंह ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में बलजीत सिंह ने जेब से पुड़िया निकालकर पाउडर का सेवन कर लिया था। पुड़िया पर सल्फास लिखा था। बलजीत सिंह के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसका अवलोकन कर जांच कराई जा रही है।