जिले के 16 थानों पर रहेगी लखनऊ की नजर
मंगलवार देर शाम राज्य पुलिस मुख्यालय से जिला पुलिस कार्यालय पहुंचे पत्रक के अनुसार, पहले चरण में शहर के सदर बाजार कोतवाली, चौक कोतवाली और आरसी मिशन थाना के अलावा पुवायां थाने में ये सेट लगाए जाएंगे। जिला स्तर पर अलग से ऐसे 12 सेट रिजर्व में रखे गए हैं। इन्हें भी जिले के कुल 23 थानों में से अन्य 12 थानों में जनवरी में लगाकर राज्य मुख्यालय से जोड़ दिया जाएगा। इन थानों का अभी चयन होना शेष है। एसपी बबलू कुमार ने बताया कि आवेदन लेकर आने वाले फरियादी के साथ पुलिस स्टाफ का व्यवहार, थाने में जारी कार्यशैली और हवालात में बंद आरोपियों की दशा या उनसे किया जाने वाला व्यवहार भी पल - पल अधिकारियों की निगाह में इस नए प्रणाली से रहेगा। उद्देश्य यह है कि पुलिसिंग में अपेक्षानुरूप सुधार हो और गलत शिकायतों से पुलिस की छवि खराब करने वाले भी तत्काल चिन्हित हो सकें।