बर्थडे पार्टी में युवक की हत्या: दिव्यांग ने हलवाई से चाकू छीनकर किए ताबड़तोड़ प्रहार, दावत में मची भगदड़
मीरानपुर कटरा क्षेत्र के भमौरी गांव के मढ़िया मजरा में बृहस्पतिवार शाम को एक युवक की हत्या कर दी गई। दिव्यांग ई-रिक्शा चालक ने चाकू से उस पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। हत्या की वारदात से मोहल्ले में सनसनी फैल गई।
विस्तार
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा क्षेत्र के भमौरी गांव के मढ़िया मजरा निवासी 32 वर्षीय युवक छेदालाल की बृहस्पतिवार शाम चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। परिजन उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, जन्मदिन की पार्टी की दावत के दौरान ई-रिक्शा निकालने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपी रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
बृहस्पतिवार को छेदालाल के पड़ोसी राजवीर के बेटे का जन्मदिन था। समारोह में आने वालों के लिए खड़ंजे पर दावत का इंतजाम किया गया था। छेदालाल व्यवस्था में लगे थे। तभी गांव का ही दिव्यांग राजू अपना ई-रिक्शा लेकर उधर से निकला।
उसने ई-रिक्शा निकालने का प्रयास किया तो छेदालाल ने कुछ देर रुकने के लिए कहा। इस बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। आवेश में आकर राजू ने सब्जी काट रहे कारीगर से चाकू छीन लिया और छेदालाल पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। छेदालाल वहीं लहूलुहान होकर गिर गए।
दावत में मची भगदड़
घटना के बाद दावत में आए लोगों में भगदड़ मच गई। छेदालाल के परिजन उन्हें लेकर सीएचसी गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद सीओ तिलहर बीएस वीर कुमार, इंस्पेक्टर धर्मेंद्र गुप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पति की हत्या के बाद पत्नी निरमा बिलख पड़ीं। उसके ऊपर पांच वर्ष के बेटे पवन की जिम्मेदारी आ गई है। हत्या की सूचना के बाद एसपी एस. आनंद मौके पर पहुंचे और आरोपी राजू से पूछताछ की। एसपी के अनुसार, आरोपी दोनों पैरों से दिव्यांग है।
दस दिन में हत्या की दूसरी वारदात
मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र में दस दिन में हत्या की दूसरी घटना सामने आई है। 24 जनवरी की सुबह मेडिकल स्टोर संचालक व सपा नेता सरताज खां की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस इसका अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है।
एसपी एस. आनंद ने बताया कि रिक्शा निकालने को लेकर विवाद में हत्या हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।