दर्दनाक हादसा: खाटू श्याम मंदिर जा रहीं मां-बेटी को डंपर ने कुचला, गाड़ी में कपड़ा फंसने से घसीटता चला गया शव
परिवार के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे हिमांशु पत्नी और बेटी का शव को देख बिलख पड़े। साथ में आए लोगों ने उन्हें संभाला और घर लिए गए। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
विस्तार
यूपी के शाहजहांपुर स्थित चौक कोतवाली क्षेत्र में बरेली मोड़ स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास शुक्रवार दोपहर दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। पति के दोस्त के साथ खाटू श्याम बाबा के दर्शनों को जा रही आरसी मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला दलेलगंज निवासी हिमांशु की 40 वर्षीय पत्नी स्वाति गुप्ता व उनकी दस वर्षीय बेटी आरना डंपर की कुचलकर मौत हो गई। कपड़े फंसने से महिला का शव करीब 20 मीटर तक सड़क पर घसीटा चला गया। भीड़ को आता देख चालक डंपर छोड़कर भागने लगा, लेकिन लोगों ने उसे पकड़कर चप्पल से पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया है।
हिमांशु गुप्ता रूई-बत्ती का कारोबार करते हैं। शुक्रवार दोपहर एकादशी के चलते हिमांशु गुप्ता की पत्नी स्वाति गुप्ता और उनकी बेटी आरना बरेली मोड़ स्थित खाटू श्याम बाबा के दर्शन करने के लिए जा रही थीं।
इस बीच हिमांशु का दोस्त मोहल्ला रोशनगंज निवासी प्रदीप उनके घर पहुंचा। उसने बताया कि वह भुगतान लेने के लिए बरेली मोड़ की ओर जा रहा था। दोस्ती में प्रदीप से पारिवारिक रिश्ते अच्छे होने के चलते हिमांशु गुप्ता की पत्नी और बेटी आरना उसके साथ खाटू श्याम बाबा के दर्शन के लिए चल दीं।
मंदिर के पास पहुंचते ही कांट की ओर जा रहे डंपर की टक्कर लगने से बाइक पर बैठी स्वाति व उनकी बेटी गिर गईं। डंपर के पहिये के नीचे आने से कुचलकर मां-बेटी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्वाति का शव डंपर में फंसकर करीब 20 मीटर सड़क पर घसीटता चला गया।
परिवार के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे हिमांशु पत्नी और बेटी का शव को देख बिलख पड़े। साथ में आए लोगों ने उन्हें संभाला और घर लिए गए। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर डंपर चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।