{"_id":"1f38cf1b517db5ccbfc20c70c37451e4","slug":"screen-reader-users-click-here-to-turn-off-google-instant-sanjay-google-about-91-80-00-000-results-0-42-seconds-search-results-edit-police-will-take-action-on-those-siege-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"थाना घेराव करने वालों पर होगी कार्रवाई","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
थाना घेराव करने वालों पर होगी कार्रवाई
शाहजहांपुर।
Updated Fri, 29 Jan 2016 12:52 AM IST
विज्ञापन
लूट के मामले में उठाए गए आरोपी को छुड़वाने के लिए सत्ताधारी दल के लोगों द्वारा थाना घेरकर हंगामा करने के मामले पर आईजी विजय सिंह मीना ने गंभीर संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच एसपी कर रहे हैं और उसमें वीडियो क्लिप सरीखे साक्ष्यों के जरिये जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चाहे वह कोई भी हो।
विज्ञापन
रोजा में लूट के मामले में कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले शेरू को कोतवाली पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। बाद में उसे थाना सदर बाजार में बैठा लिया गया था। सात जनवरी को जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव संपन्न होने के बाद शाम को इस आरोपी को छुड़ाने को लेकर नगरपालिका चेयरमैन और सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने अपने समर्थकों के साथ थाना सदर बाजार का घेराव किया था। उनके समर्थन में कटरा विधायक राजेश यादव भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे थे। थाना गेट पर कई घंटे हंगामे की स्थिति बनी रही। उस मामले में तत्कालीन रोजा थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा को निलंबित करने और आरोपी को छोड़े जाने के बाद सपाइयों का गुस्सा शांत हुआ था। थाने से छुड़ाए गए आरोपी के खिलाफ हरदोई जनपद में लूट और चोरी के छह मुकदमे दर्ज हैं।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को शाहजहांपुर दौरे पर आए आईजी ने कहा कि पूछताछ के आरोपी को उठाया गया था और सपा पदाधिकारियों के मांग पर उसे मेडिकल कराकर छोड़ा गया था।
पूजा की तलाश में जुटी क्राइम ब्रांच
आईजी विजय सिंह मीना ने कहा कि कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बिजलीपुरा से तीन साल पहले गायब हुई पूजा के मामले में पांचों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वे सभी जमानत पर बाहर हैं और पूजा की बरामदगी के लिए क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया गया है।
विज्ञापन