‘पंडित थाने में बुला लो, मैं यहीं कर लूगीं शादी’
थाना सदर बाजार पुलिस ने ओसीएफ निरीक्षण भवन के सामने बने अंबेडकर पार्क में मंगलवार को पकड़े गए तीन जोड़ों में एक युवती ने अपने पिता और पुलिस के सामने कहा कि पंडित थाने में बुला लो, मैं यहीं अपने प्रेेमी के साथ शादी करने को तैयार हूं। युवती की बात सुनकर उसका पिता और पुलिस दंग रह गई। पुलिस ने हिदायत देने के बाद तीनों जोड़ों को छोड़ दिया।
ओसीएफ निरीक्षण भवन के सामने से दोपहर में गुजर रहे एक अधिकारी ने अंबेडकर पार्क में कई जोड़े बैठे देखकर थाना सदर बाजार पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर टीम के साथ पहुंची एसआई सीमा सिंह ने तीन जोड़ों को पकड़ लिया और थाने ले आईं। इसके बाद पुलिस ने पकड़ी गईं लड़कियों के परिवार वालों को सूचना देकर बुला लिया। पकड़ी गई लड़कियों में एक ने थाने में ही शादी करने के बात करके सभी को चौंका दिया। हालांकि की लड़की का प्रेमी पुलिस के सामने गिड़गिड़ा रहा था, लेकिन लड़की अपनी बात पर अड़ी रही। पुलिस ने तीनों लड़कियों के परिवार वालों को सौंप दिया। इसके साथ ही लड़कों को हिदायत देने के बाद छोड़ दिया गया। लड़की की शादी करने की बात थाने में पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही।