अल्हागंज। मुख्य बाजार में दोपहर और शाम के समय नियमित झाड़ू नहीं लग पाने की समस्या को देखते नगर पंचायत ने बुधवार को अपने सफाई संसाधनों में अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक मल्टीपर्पज क्लीनिंग वाहन डायनाक्लीन को शामिल कर लिया। वाहन का विधिवत पूजन कर चेयरमैन शिवानी वर्मा ने उसे नगर पंचायत के सुपुर्द कर दिया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि यदि इस वाहन की उपयोगिता साबित हुई तो भविष्य में नगर की गलियों और मोहल्लों की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए ऐसे कई ईवी वाहन मंगाए जाएंगे। चेयरमैन ने बताया कि यह मशीन सड़क सफाई के अलावा पेड़ों की सिंचाई के लिए वाटर गन, नालों की सफाई के लिए हाई प्रेशर जेट मशीन, कीटनाशक एवं सैनिटाइजेशन के लिए स्प्रे मशीन तथा लिटर पिकर की सहायता से कूड़ा-कचरा उठाने जैसे कई कार्य करेगी। इस दौरान चेयरमैन के पति उदित गुप्ता, हर्षित गुप्ता, कमलेश शर्मा, राजेश कश्यप, अमर पाल, शफीक मियां आदि मौजूद रहे। संवाद