न्यायपालिका को चुनौती देती पंचायत: किशोरी की आबरू की कीमत सवा लाख रुपये, हैरान कर देगा खाकी का बयान
संत कबीर नगर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कानून को ताख पर रखते हुए एक पंचायत हुई और दुष्कर्म पीड़िता को सवा लाख रुपये देकर मामला दबाने की कोशिश की गई।
विस्तार
दो दिन पूर्व नित्य क्रिया को गई किशोरी से गांव के युवक ने दुष्कर्म किया था। मामला थाने भी पहुंचा और पुलिस हरकत में भी आई, लेकिन बुधवार को धनघटा में हुई पंचायत में किशोरी की आबरू का 1.25 लाख रुपये में सौदा हुआ। इस मामले की जानकारी होने से पुलिस इनकार कर रही है।
क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी से उसी गांव निवासी 18 वर्षीय युवक ने सोमवार शाम दुष्कर्म किया था। गांव वालों का कहना है कि किशोरी के साथ उस समय घटना हुई जब वह नित्य क्रिया के लिए गांव के बाहर गई थी। किशोरी ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिजनों को दी। मंगलवार सुबह पीड़िता को साथ लेकर पिता थाने पर पहुंचा और तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहरीर मिलने के बाद पुलिस हरकत में भी आई और पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल भी की।
धनघटा में दोनों पक्षों के बीच हुई पंचायत
गांव के लोगों ने यह भी बताया कि आरोपी युवक के परिवार के एक सदस्य को पुलिस थाने भी ले गई थी, जिसे देर शाम छोड़ दिया गया था। आरोपी प्रभावशाली परिवार का होने के कारण इस मामले में सुलह समझौता कराने के लिए गांव के कई प्रतिष्ठित लोग भी जुट गए। बुधवार दोपहर धनघटा में दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई।
पंचायत ने निर्णय दिया कि आरोपी युवक के परिजन पीड़िता को 1.25 लाख रुपये दें। इसके बाद आनन-फानन पीड़िता को तय की गई रकम भी दे दी गई। एसओ केडी सिंह ने इस तरह की घटना की जानकारी होने और तहरीर मिलने से इनकार किया है। एसओ ने कहा कि इस तरह के मामले की जानकारी उन्हें नहीं है। पता करेंगे यदि मामला सही पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।