गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग बदहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। तहसील क्षेत्र धनघटा में गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग बदहाल हैं। जिसकी वजह से लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने गांवों के संपर्क मार्गों को दुरुस्त कराने की प्रशासन से मांग की है। हैंसर बाजार और पौली ब्लॉक क्षेत्र के अशरफपुर, गोपीपुर, भिखारीपुर, गायघाट, मुडेरा शुक्ल, कटहा, डिहवा, दीपपुर, सिसवा, तुरकौलिया नायक, सेमरी, कटार, भाटपार, करनपुर आदि गांव तक सड़क का निर्माण कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कराने के बाद सड़क की मरम्मत का कार्य कराना जिम्मेदार भूल गए। जिन मार्गों की मरम्मत हुई भी, वह केवल खानापूर्ति तक सीमित रही। एक तरफ गिट्टी डाली गई, तो दूसरी तरफ उखड़ती चली गई। गांव वालों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों के उपेक्षा के कारण सड़कों की हालत खस्ता बनी हुई है। इस संबंध में डीएम दिव्या मित्तल ने बताया कि जो भी मार्ग खराब हैं, उन्हें चिह्नित कराकर मरम्मत कराई जाएगी।