Ramtarang: अब 'रामतरंग' पर झूमेंगे रामभक्त, अयोध्या के कमिश्नर गौरव दयाल के निर्देशन में पूरा हुआ यह काम
भगवान श्रीराम के जीवनकाल पर आधारित 14 गानों का एल्बम रामतरंग लॉन्च हुआ। रामतरंग की अवधारणा अयोध्या मंडलायुक्त गौरव दयाल ने तैयार की, डीएम संतकबीर नगर ने निर्माण और इसके समन्वय में अपनी भूमिका निभाई।
विस्तार
अयोध्या में भगवान राम के नवनिर्मित मंदिर का लोकार्पण हो चुका है। करोड़ों देशवासी इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अभी तक विभिन्न व्यक्तियों, संस्थाओं ने अपने-अपने स्तर पर अयोध्या और भगवान श्रीराम के लिए भावपूर्ण तरीके से अनेकों कार्यक्रम आयोजित किए हैं। ऐसा ही एक प्रयास अयोध्या संरक्षण एवं विकास समिति द्वारा भी भगवान श्रीराम पर एक म्यूजिक एल्बम 'रामतरंग' बनाकर किया गया है। संतकबीर नगर के जिलाधिकारी ने भी इसमें अपना योगदान दिया है।
अयोध्या के मंडलायुक्त गौरव दयाल के निर्देशन में 'रामतरंग' में प्रभु श्री राम के पूरे जीवनकाल को लिपिबद्ध करवाया गया है। इसमें देश के चर्चित संगीतकार और म्यूजिक कंपोजर ने अपना योगदान दिया है। रविवार को इस रामतरंग का आधिकारिक विमोचन कमिश्नर अयोध्या ने किया। अब ये ये गीत यूट्यूब के प्लेटफार्म पर मिल जाएगा।
इस गीतों की श्रृंखला का उद्देश्य, जहां एक तरफ भगवान श्रीराम को एक संगीतमय श्रद्धांजलि देना है, वहीं आने वाले अनेक वर्षों तक युवाओं को भगवान श्रीराम के जीवन के बारे में संगीत के माध्यम से जोड़ना भी है। यह एल्बम एक बड़ी आबादी विशेषकर युवा दर्शकों को आकर्षित करने और उन तक पहुंचने का प्रयास है। इसके साथ ही अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत के बारे में जागरूकता पैदा करना इसका उद्देश्य है। साथ ही अयोध्या को धार्मिक पर्यटन के लिए एक ब्रांड के रूप में विकसित करना भी है।
इस एल्बम में भगवान राम के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाएं हैं। एल्बम रामतरंग को यूट्यूब, स्पॉटिफाई, विंक म्यूजिक, गाना डॉट कॉम, अमेजन म्यूजिक, जियो सावन, एप्पल म्यूजिक इत्यादि प्रमुख म्यूजिक प्लेटफॉर्म पर वितरित किया गया है। इस एल्बम की अवधारणा अयोध्या के कमिश्नर गौरव दयाल के जरिए तैयार की गई है और डीएम संतकबीरनगर महेंद्र सिंह तंवर ने इस एल्बम के निर्माण का समन्वय और कार्यान्वयन किया है। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि इस एल्बम में रामायण के प्रमुख चरणों से प्रेरित 14 खूबसूरत गीत हैं।
देश के प्रसिद्ध गायकों ने दिए अपने सुर
रामतरंग में बॉलीवुड के गायक कैलाश खेर, अरिजीत सिंह, आदित्य देव, अमित त्रिवेदी, संगीत गोल्डी, कविता कृष्णमूर्ति, गीत सागर, रशीद खान विख्यात रैपर बादशाह, शेखर स्वाजियानी, तनिष्क बागची, कार्तिक कुश ने अपनी आवाज दी है। इनमें सात गीतों को एमएसटी ने लिखा है।