UP: मोबाइल चलाने के विवाद में चचेरे भाइयों ने युवक की हत्या की, हंसिये से किया वार... फिर भाग गए आरोपी
तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।
विस्तार
संतकबीर नगर के दुधारा थानाक्षेत्र के पचतोरवा गांव में मोबाइल चलाने के विवाद को लेकर दो चचेरे भाइयों ने मिलकर एक 18 वर्षीय युवक के ऊपर हंसिये से प्रहार कर दिया। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सेमरियांवा ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दुधारा थानान्तर्गत पंचतोरवा गांव की निवासी कमरुन्निशा पत्नी असगर अली ने दुधारा थानाक्षेत्र में दी गई अपनी तहरीर में लिखा है कि 20 जून की रात 1 बजे के करीब मेरे बेटे मो. इब्राहिम को मोबाइल फोन पर गाली देते हुए जीशान अपने बड़े भाई वसीम के साथ हंसिया लेकर आया। इसके बाद उसने अपने भाई के सहयोग से मेरे बेटे मो. इब्राहिम को हंसिया से मार दिया। इसके बाद बेटा लहूलुहान होकर गिर गया।
वहीं आरोपी मौके से भाग गए। उसको इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सेमरियांवा लेकर जाया गया। वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पचतोरवा गांव में मोबाइल चलाने के विवाद को लेकर दो युवकों में बात बढ़ गयी। इस दौरान एक युवक के सीने में हंसिये से प्रहार करके उसकी हत्या कर दी गयी। पुलिस ने रात में ही मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में केस दर्ज करके आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। - सुशील कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक