बहजोई। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कांग्रेसियों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन व नारेबाजी करते हुए एडीएम को ज्ञापन दिया। शुक्रवार को दोपहर जिलाध्यक्ष विजय शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसी कलक्ट्रेट पर पहुंचे और प्रदर्शन कर नारेबाजी की। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम प्रदीप वर्मा को दिया।
ज्ञापन में कहा गया है कि अमेरिका सरकार की ओर से प्रवासी भारतीयों के अचानक व अन्याय पूर्ण निर्वासन से उत्पन्न संकट के मद्देनजर यह जरूरी हो गया है कि हम इन गंभीर अन्यायों के खिलाफ सामूहिक आवाज़ उठाएं। निर्वासित भारतीयों अमानवीय हिरासत में हथकड़ी लगाए जाने व वित्तीय तबाही का सामना करने समेत अन्य गंभीर संकट उठाने पड़े। बावजूद इसके इस अमानवीय घटनाओं के प्रति केंद्र सरकार उदासीन व असहाय बनी हुई है। शहर अध्यक्ष तौकीर अहमद, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष मीनू शर्मा, शिवकिशोर गौतम, साबिर अली, अकील अहमद, ताज मोहम्मद एडवोकेट, कैलाश राणा एडवोकेट व टेकचंद यादव एडवोकेट आदि रहे। संवाद