सहारनपुर। मदरसों में पढ़ाई का कार्य शुरू कराने के संबंध में दारुल उलूम और मजाहिर उलूम के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। जिलाधिकारी ने उनसे कहा कि अभी शासन की तरफ से इस संबंध में गाइडलाइन जारी नहीं हुई है।
प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी अखिलेश सिंह से उनके कैंप कार्यालय पर मुलाकात की। दारुल उलूम देवबंद के नायब मोहतमिम मौलाना अब्दुल खालिक मद्रासी और मजाहिर उलूम सहारनपुर की तरफ से जामा मस्जिद के प्रबंधक मौलाना फरीद मजाहिरी ने डीएम पूछा कि मदरसों में तालीम शुरू करने के लिए सरकार की क्या गाइडलाइन है। इस पर डीएम ने कहा कि अभी गाइडलाइन नहीं आई है। कोविड-19 के लिए जो गाइडलाइन है, उसका पालन कराया जाए। सोशल डिस्टेंसिंग के मुताबिक व्यवस्था होनी चाहिए। छात्र अपने अभिभावक और जिम्मेदारों से सहमति पत्र लिए बगैर ना आएं। दारुल उलूम के नायब मोहतमिम मौलाना अब्दुल खालिक मद्रासी ने कहा कि हम छात्रों को बुलाने का कब एलान करें तो, डीएम ने कहा कि इस सिलसिले में अभी कुछ इंतजार कर लें। उन्होंने कहा कि बोर्डिंग में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ जितने छात्रों को रखा जा सकता है, उतने ही छात्रों को बुलाने की बात की जानी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में मौलाना अब्दुल मलिक, प्रोफेसर मौलाना जाकिर, मौलाना मुर्तजा, मौलाना अब्दुल्लाह खालिद, मुफ्ती शोएब, मौलाना मोहम्मद साजिद आदि मौजूद रहे।