सहारनपुर। सपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार से सेंट्रल वेयर हाउस पर निगरानी शुरू कर दी है। इसके लिए उन्होंने वेयर हाउस के सामने डेरा डाल दिया है। कार्यकर्ता रात दिन वेयर हाउस में रखी ईवीएम की पहरेदारी करेंगे।
मंगलवार को सपा कार्यकर्ताओं ने जनता रोड स्थित वेयर हाउस में रखी ईवीएम की पहरेदारी शुरू कर दी है। सपा के जिला उपाध्यक्ष अब्दुल गफूर ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने वेयरहाउस गेट के सामने एक टेंट लगा लिया है। जिससे वेयर हाउस में रखी ईवीएम की निगरानी की जा सके। इसमें कार्यकर्ता तीन शिफ्टों में तैनात रहेंगे। रात को रुकने और कार्यकर्ताओं के लिए ठंड से बचाव का इंतजाम कर लिया गया है। यहां पर कंबल, रजाई से लेकर गद्दे मंगाए गए हैं। मंगलवार को दोपहर से मुकीम, वसीम, जमीर, अहसान आदि सपा कार्यकर्ता पहली शिफ्ट में मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि हर आठ घंटे के बाद शिफ्ट बदल जाएगी। इसके बाद दूसरे कार्यकर्ता ड्यूटी पर रहेंगे।