Saharanpur: सरदार वीएम सिंह बोले- एमएसपी गारंटी कानून बनवाने को आखिरी सांस तक लड़ेंगे लड़ाई
सहारनपुर छुटमलपुर में किसान मजदूर यूनियन लठैत का चिंतन शिविर में सरदार वीएम सिंह ने कहा कि सरकार पर दबाव बनाने के लिए किसान एकजुट हों। कहा कि सरकार हिलेगी तो यूपी से ही हिलेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एमएसपी गारंटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार वीएम सिंह ने कहा कि एमएसपी गारंटी कानून बनवाने के लिए आखिरी सांस तक लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने किसान नेताओं से आहवान किया कि वे गांव दर गांव घर-घर तक एमएसपी गारंटी कानून बनवाने के लिए सरकार पर दबाव बनाने को किसानों में जागरुकता पैदा करें। इसके लिए दीवारों पर नारे लिखें और प्रभात फेरियां भी निकालें।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार वीएम सिंह सोमवार को सहारनपुर के छुटमलपुर में किसान मजदूर यूनियन लठैत के संयोजन में आयोजित एमएसपी गारंटी मोर्चा चिंतन शिविर में मुख्य अतिथि के रुप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि एक मोची और नाई तक को रेट तय करने का अधिकार है लेकिन किसानों की फसलों का कोई निश्चित दाम नहीं है।
किसान जाति बिरादरी और धर्म में न बंट कर चुनाव के वक्त किसी की भी कठपुतली बनने की बजाए केवल एमएसपी गारंटी कानून बनवाने का वादा करने वाले को वोट करें। किसान ऐलान कर दें कि 2024 में वोट चाहिए तो एमएसपी गारंटी कानून बना दो। उन्होंने कहा कि सरकार हिलेगी तो यूपी से हिलेगी। ऐसे में उन्होंने यूपी के सहारनपुर से किसानों को जागरुक करने की मुहीम शुरु की है।
यह भी पढ़ें: Meerut: सरकारी राशन की दुकान के आंवटंन को लेकर हंगामा, आपस में भिड़े दो पक्ष, एक-दूजे पर फेंकी कुर्सियां
पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने कहा कि लागत से डेढ़ गुना समर्थन मूल्य का वादा करके भाजपा सरकार में आई थी लेकिन एमएसपी गारंटी कानून नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि पिछले बीस साल में 3.96 लाख किसानों ने कर्ज के तले दबकर आत्महत्या की है। यह सरकारों के लिए शर्म की बात है।
भाकियू उत्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह ने कहा कि किसान जेल जाने से नहीं डरता है। वे एमएसपी गारंटी कानून लेकर रहेंगे। किसान मजदूर यूनियन लठैत के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय पुंडीर ने कहा कि किसान अब अपनी फसलों को औने पौने दामों में नहीं लुटाएगा। समय आ गया है कि फसल हमारी भाव तुम्हारा नहीं चलेगा नहीं चलेगा के नारे को घर घर पहुंचाएं और बहरी हो चुकी सरकार को कानून बनाने के लिए बाध्य करें।
चिंतन शिविर को सैफई से आए चंद्रशेखर यादव, भाकियू वेलफेयर के राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण शर्मा, अतीकुर्रहमान, जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता भाकियू वेलफेयर के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा और संचालन सुशील कांबोज एवं अनिल राणा ने किया।
अब हर गांव में होगा आंदोलन, 26 जनवरी को किसान फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज
सरदार वीएम सिंह ने कहा कि पहले आंदोलन पंजाब खोड गांव से शुरु किया गया था लेकिन अब इसे गांवों से ही संचालित किया जाएगा। इसके लिए किसानों को दिल्ली या लखनऊ जाने की जरुरत नहीं है। किसान 26 जनवरी को अपने गांवों में ध्वजारोहण करेंगे। इस दौरान एमएसपी गारंटी कानून बनाने की मांग की जाएगी। गांवों में प्रभात फेरी निकाले, गली और नुक्कडों पर फ्लेक्स लगा कर एमएसपी गारंटी कानून के फायदे बता लोगों को जागरुक करें। अपने अपने गांवों से प्रधान और 51 किसानों के हस्ताक्षर युक्त पत्र को संबंधित डीएम को सौंपे जिसकी दूसरी प्रति किसान नेता उन्हे देंगे। देश भर से ऐसे लाखों करोडों पत्रों को इक्टठा कर इन्हे भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव के शहीदी दिवस 23 मार्च को प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को भेजा जाएगा।