Saharanpur: स्कूली बच्चों को लेकर जा रही स्कॉर्पियो पलटी, सात साल के हार्दिक की मौत…, कई बच्चे घायल
मिर्जापुर में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्कूल जा रहे बच्चों से भरी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सात वर्षीय हार्दिक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे घायल हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि कई बच्चे घायल हो गए।
घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की है। गांव मिर्जापुर के पाडली रोड पर एमएसक्यू पब्लिक स्कूल स्थित है। स्कूल का चालक अनुज और प्रधानाचार्य बाबूराम गांव कासमपुर से करीब 15 बच्चों को लेकर स्कूल के लिए निकले थे।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 7 अक्टूबर को आपके शहर में क्या हुआ
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो चालक तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था और बार-बार ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
कोतवाली प्रभारी सुनील नागर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे में 7 वर्षीय हार्दिक पुत्र विनय निवासी कासमपुर गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे परिजन इलाज के लिए हरियाणा के जगाधरी अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
हार्दिक एमएसक्यू पब्लिक स्कूल में केजी कक्षा का छात्र था और अपने दो बहन भाइयों में सबसे बड़ा था। पिता विनय मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अन्य घायल बच्चों में गौरव, तरुण, आरजू, आर्यन, रिया, एबी और कन्नू शामिल हैं, जिनका उपचार जारी है।