Saharanpur: आठ घंटे ठप रहा ट्रेनों का संचालन, चार ट्रेनें की गई रद्द, यात्रियों को झेलनी पड़ी बड़ी परेशानी
Saharanpur News : यहां आठ घंटे तक ट्रेनों का संचालन ठप रहा। इस दौरान चार ट्रेनें रद्द की गई। वहीं, यात्रियों को भी बड़ी परेशानी झेलनी पड़ी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के यमुनानगर स्टेशन के पास मालगाड़ी के दो इंजन पटरी से उतर गए। इसके बाद हरियाणा और पंजाब रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन आठ घंटे ठप रहा। चार ट्रेनें रद्द की गईं, जबकि तीन यात्री ट्रेनें सहारनपुर रेलवे स्टेशन या उसके आसपास घंटों खड़ी रही। इनके साथ ही पांच मालगाड़ियों को जहां-तहां रोक दिया गया। नौ ट्रेनें लेट देरी से पहुंचीं। ट्रेनों का संचालन ठप होने से हजारों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। करीब आठ घंटे बाद ट्रेनों का संचालन सुचारू हो पाया।
घटना शुक्रवार रात 10:40 बजे की है। हरियाणा के यमुनानगर से मालगाड़ी के दो इंजन अंबाला की तरफ जा रहे थे। थोड़ा दूर जाकर आगे की तरफ वाले इंजन के 12 और दूसरे इंजन के तीन पहिए पटरी से उतर गए। इसके बाद सूचना मिलते ही रेल अधिकारियों में खलबली मच गई। अंबाला मंडल के डीआरएम मनदीप सिंह भाटिया अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इंजन को पटरी पर लाया जा सका। इससे अप लाइन पर ट्रेनों का संचालन ठप हो गया। रात में करीब दो बजे जाकर डाउन लाइन को क्लियर किया गया, जबकि अप लाइन शनिवार सुबह सात बजे जाकर क्लियर हो पाई।
यह भी पढ़ें: Anil Dujana Encounter: जहां लिख दिया JDS, उसका मालिक बन जाता था कुख्यात, इन कारनामों में था माहिर
मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतरने के कारण ट्रेनों का संचालन गड़बड़ा गया। सहारनपुर-ऊना हिमाचल नंगलडैम मेमू एक्सप्रेस, सहारनपुर-अंबाला एक्सप्रेस अप-डाउन में निरस्त रही। गाजीपुर-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा साप्ताहिक एक्सप्रेस एक घंटे, धनबाद-फिरोजपुर गंगा सतलुज एक्सप्रेस डेढ़ घंटे सहारनपुर स्टेशन पर खड़ी रही। भागलपुर-जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस को एक घंटे सहारनपुर आउटर पर रोका गया। पांच मालगाड़ियों को सहारनपुर, सरसावा और पिलखनी में ही खड़े किए रखा। चंडीगढ़-लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस चार घंटे, अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस चार घंटे, अंबाला-दिल्ली इंटरसिटी 45 मिनट, जम्मूतवी-बाड़मेर एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, जम्मूतवी-जैसलमेर शालीमार एक घंटे, लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा, सियालदाह-जम्मूतवी, हावड़ा-अमृतसर एक से डेढ़ घंटे लेट हुई।
यह भी पढ़ें: Anil Dujana: दिल पर लगी एक गोली ने ही कर दिया अनिल दुजाना को ढेर, युवाओं ने स्टेटस पर लिखा- 'मिस यू अनिल भाई'
पटरी से उतरे इंजन मामले में जांच टीम गठित
अंबाला मंडल के डीआरएम मनदीप सिंह भाटिया ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच बैठा दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात 10:40 बजे यमुनानगर रेलवे स्टेशन के समीप दो इंजन के पहिए पटरी से उतर गए थे। इस मामले में मैकेनिकल, सिग्नल, सेफ्टी और इंजीनियरिंग के अधिकारियों की एक जांच टीम गठित की है। टीम को 10 दिन के अंदर अपनी रिपोर्ट देनी है। रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।