सहारनपुर: श्रीराम का नारा लगाने वाले मुस्लिम युवक बोला-नहीं किया गुनाह, समर्थन में आया बजरंग दल, उलमा ने जताया एतराज
सहारनपुर में गृहमंत्री अमित शाह की जनसभा में मुस्लिम युवक द्वारा जय श्रीराम व भारत माता की जय के नारे लगाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद उलमा ने इस पर नाराजगी जताते हुए युवक से उलमा के सामने तौबा करने की बात कही है। वहीं बजरंग दल युवक के समर्थन में उतर आया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बजरंग दल के प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने विगत दिन सहारनपुर रैली में श्रीराम और भारत माता की जय बोलने वाले मुस्लिम युवक के खिलाफ मौलवियों द्वारा फतवा जारी कर उसे धमकी देने का आरोप लगाकर सरकार से कार्रवाई की मांग की।
विकास त्यागी ने जारी बयान में आरोप लगाया कि चार दिन पूर्व सहारनपुर में आयोजित केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली में अहसान राव नामक युवक द्वारा जय श्रीराम और भारत माता की जय बोलने पर कट्टरपंथी व तालिबानी विचारधारा की सोच रखने वाले मौलवियों ने फतवा जारी किया।
आरोप यह भी है कि कुछ लोग उक्त युवक को जान से भी मारने की धमकी दे रहे हैं। विकास त्यागी ने कहा जिन लोगों को जय श्रीराम और भारत माता की जय बोलने से एतराज है, उन्हें भारत में रहने का अधिकार नहीं है। बजरंग दल अहसान राव के साथ खड़ा है। उन्होंने सरकार से अहसान राव को सुरक्षा मुहैया कराने और फतवा जारी कर मारने की धमकी देने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उलमा ने कहा : युवक का यह अमल इस्लाम से खारिज होने वाला, तौबा करनी चाहिए
गृहमंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सहारनपुर जनसभा में मुस्लिम युवक द्वारा जय श्रीराम का नारा लगाने वाली वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद देवबंदी उलमा ने ऐतराज जताते हुए युवक को उलमा के पास जाकर तौबा करने की सलाह दी, साथ ही कहा कि उसका यह अमल इस्लाम से खारिज होने वाला है। वहीं, उलमा की प्रतिक्रिया के बाद युवक मीडिया के सामने आया और कहा कि हम तो भगवान श्रीराम के वंशज हैं। उनका नाम लेकर या भारत माता की जय का नारा लगाया तो कोई गुनाह नहीं किया।
गृहमंत्री अमित शाह की जनसभा में मुस्लिम युवक ने लगाए थे जय श्रीराम व भारत माता की जय के नारे
दो दिसंबर को अमित शाह और योगी आदित्यनाथ की सहारनपुर जनसभा में एक मुस्लिम युवक जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारे लगा रहा था। उसका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मीडिया ने इस मामले में मदरसा जामिया शेखुल हिंद के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती असद कासमी की राय जानी तो उन्होंने साफ कहा कि इस्लाम में इसकी जरा भी गुंजाइश नहीं है।
उन्होंने कहा कि युवक का यह अमल इस्लाम से खारिज होने वाला है। इसलिए उसे चाहिए कि वह उलमा के पास जाए और तौबा करे, साथ ही यह भी कहा कि दुनियावी आकाओं का खुश करने के बजाए युवक अल्लाह को राजी करे तो बेहतर है। वहीं, उलमा की प्रतिक्रिया के बाद युवक खुद मीडिया के सामने आया।
उसने बताया कि उसका नाम अहसान राव है और वह नगर के मोहल्ला पठानपुरा का रहने वाला है तथा वह भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का जिला महामंत्री है। उसने दो टूक कहा कि हम भगवान श्रीराम के ही वंशज हैं। उनके नाम पर नारा लगाने पर किसी को कोई ऐतराज नहीं होना चाहिए। इसी प्रकार जिस देश में रह रहे हैं उसका नारा लगा दिया तो क्या गलत किया। किसी मौलाना को उन्हें इस्लाम से खारिज करने का कोई अधिकार नहीं है।