91.14 करोड़ रुपये से 21 वार्डों में डाली जाएगी सीवर लाइन
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत एबीडी (एरिया बेस्ड डवलपमेंट) क्षेत्र में लगभग 91.14 करोड़ रुपये से सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसका शिलान्यास महापौर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने किया।
परियोजना प्रबंधक राजेंद्र सिंह ने बताया कि कार्य पर अनुमानित 91.14 करोड़ रुपये खर्च आएगा। योजना के तहत 152 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाने और पुरानी सीवर लाइन की मरम्मत का काम कराया जाएगा। साथ ही मातागढ़ में सात एमएलडी क्षमता का एसटीपी प्लांट भी लगाया जाएगा। घंटाघर से चिलकाना रोड़ आदि पुराने क्षेत्र में जहां सीवर लाइन डाली जाएगी उन सड़कों की मरम्मत भी की जाएगी। महापौर संजीव वालिया ने बताया कि इस सीवर लाइन प्रोजेक्ट से महानगर में सीवर संबंधी समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। 44 हजार घरों में नए कनेक्शन दिए जाएंगे। स्मार्ट सिटी योजना पर काम होना शुरू हो गया है। जैसे-जैसे ये परियोजनाएं पूरी होती जाएंगी शहर की समस्याओं का समाधान होता जाएगा। इससे पहले पार्षद पुनीत चैहान, आशुतोष सहगल, संजय गर्ग व पार्षद मुकेश गक्खड़ ने शहर में हो रहे विकास कार्यों के लिए निगम बोर्ड का धन्यवाद किया। कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री उमाभूषण ने भी विकास कार्यों के लिए महापौर की सराहना की। पार्षद मानसिंह जैन, मनोज जैन, दिग्विजय सिंह, नेपाल सिंह, पार्षद प्रतिनिधि नितिन सिंघल आदि मौजूद रहे।