सहारनपुर। देहरादून में रेलवे यार्ड के निर्माण कार्य के चलते रेल यातायात बाधित हुआ और यात्रियों को परेशानी होने लगी तो रोडवेज ने इस मौके का तुरंत लाभ उठाया। सहारनपुर से देहरादून, हरिद्वार होते हुए गोरखपुर तक के लिए बस सेवा शुरू कर दी। तीन बसों का संचालन सहारनपुर से गोरखपुर तक शुरू कर दिया गया है।
देहरादून रेलवे यार्ड का निर्माण और हरिद्वार तथा देहरादून के बीच रेलवे लाइन पर कार्य कराए जाने के कारण तीन महीने तक के लिए रेलवे यातायात बाधित हो गया है। देहरादून और हरिद्वार से लंबी दूरी की ट्रेनें नहीं चल रहीं हैं। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके को रोडवेज ने हाथोंहाथ लिया है। परिवहन निगम ने सहारनपुर डिपो से देहरादून और फिर वहां से हरिद्वार, मुरादाबाद होते हुए गोरखपुर तक की बस सेवा शुरू की है। जिससे सहारनपुर से देहरादून तक के यात्रियों को लाभ होगा, साथ ही देहरादून और हरिद्वार से मुरादाबाद, गोरखपुर जाने वाले यात्रियों को भी रोडवेज बस गंतव्य तक पहुंचाएगी। रोडवेज की मंशा है कि जब तक ट्रेनें निरस्त रहती हैं तब तक रोडवेज अपना रूट स्थापित कर ले ओर नियमित रूप से यात्री मिलते रहें। जिससे ट्रेनों का संचालन बहाल होने के बाद भी इस रूट को बरकरार रखा जा सके। इसके लिए सहारनपुर डिपो से फिलहाल तीन बसों का संचालन शुरू किया गया है। परिवहन निगम सहारनपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार का कहना है कि यात्रियों की सुविधा के लिए तीन बसों का संचालन शुरू कराया गया है। ट्रेनें बहाल होने के बाद भी यात्री मिलते रहे तो बसों का संचालन जारी रहेगा।