सहारनपुर। शहर को कार्बन न्यूट्रल बनाने के उद्देश्य से नगर निगम पौधरोपण अभियान चला रहा है। इसी क्रम में नगरायुक्त के नेतृत्व में सांवलपुर नवादा में तालाब किनारे 200 पौधे रोपे गए। गऊशाला परिसर में भी पौधरोपण किया गया।
सोमवार को नगर निगम की टीम पौधरोपण करने के लिए सांवलपुर नवादा पहुंची। कार्यक्रम में आईटीसी सुनहरा कल, शाश्वत मानव विकास ट्रस्ट व एरोन ऐजूकेशन वेलफेयर सोसायटी के अतिरिक्त अनेक पर्यावरण प्रेमी व सामाजिक कार्यकर्ता ने हिस्सा लिया। यहां नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में नीम, गुलमोहर, चकरेसिया समेत अनेक प्रजातियों के करीब 200 पौधे लगाए गए। गऊशाला में रुद्राक्ष के पौधे लगाए गए। नगरायुक्त ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों को शहर को हरा भरा बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए इस बार 50 हजार पौधे लगाए जा रहे हैं। यदि हम अपने बच्चों को अच्छा भविष्य देना चाहते हैं तो हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे और जंगलों को बचाना होगा। इस मौके पर पार्षद मोहर सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता जलकल सतीश सिंघल, मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर, विमल चौहान, डॉ. वीरेंद्र आजम, सुषमा बजाज, दीपिका सत्पथी, मयंक, उमंग, अर्श आदि मौजूद रहे।