साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। ब्लाक साढ़ौली कदीम के कम्बोहमाजरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कर्मचारियों के अभाव में आए दिन ताला लटका रहता है। शनिवार को भी केंद्र पर ताला लगा रहा और रोगियों को बिना उपचार के लिए घर लौटना पड़ा।
इस पीएचसी पर एक मात्र फार्मासिस्ट तैनात हैं। चिकित्सक की तैनाती के अभाव में वे ही रोगियों को दवा देते हैं। इसके अतिरिक्त यहां तैनात एलएचवी भी ड्यूटी पर नहीं आती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले में कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। शनिवार को फार्मासिस्ट नहीं आए तो केंद्र पर ताला लटका रहा। कार्तिक, योगेंद्र सिंह, मनीष कुमार, राजेश कुमार, मुकेश कुमार, रमेशचंद, आशीष कुमार, सर्वेश कुमार, नितिन कुमार, इरशाद, दिलशाद, शहजाद, समीर आदि का कहना है कि चिकित्सक सहित अन्य कर्मियों के अभाव में पीएचसी पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने पीएचसी पर चिकित्सक और स्टाफ की तैनाती की मांग की है। उधर, साढ़ौली कदीम के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा अशोक कुमार ने बताया कि उन्होंने हाल ही में यहां का चार्ज लिया है। ड्यूटी से गैरहाजिर रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।