चिलकाना (सहारनपुर)। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान हटाए गए खोखे स्वामियों के लिए अब नगर पंचायत पक्की दुकान बनाएगा। इसके लिए बोर्ड ने प्रस्ताव पास कर दिया है। स्वीकृति के लिए फाइल डीएम को भेजी गई है।
शुक्रवार शाम नगर पंचायत कार्यालय में चेयरमैन अकबर कुरैशी की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अधिशासी अधिकारी जितेंद्र राणा ने आय व व्यय का लेखाजोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि अगस्त माह में 19 लाख 38 हजार रुपये की आय हुई है। जिसके सापेक्ष 19 लाख 19 हजार रुपये का खर्च हुआ है। सितंबर माह में 26 लाख 28 हजार की आय हुई, जबकि 25 लाख 43 हजार रुपये खर्च किये गए। इसके उपरांत बोर्ड बैठक में खोखा स्वामियों के लिए पक्की दुकान बनवाने का प्रस्ताव रखा गया। जिसपर सर्व सम्मति से मोहर लग गई। इसके अलावा चिलकाना में बाईपास से सरकारी अस्पताल तक स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, कस्बे में स्ट्रीट लाइट और खंभों के तार बाईपास से रिजवान के घर तक नए लगाए जाने, सुल्तानपुर में अनुसूचित जाति शमशान मार्ग की डीपीआर शासन को प्रेषित करने, नगर पंचायत कार्यालय में अधिशासी अधिकारी कार्यालय में फर्नीचर संबंधी कार्य कराए जाने और भवन मानचित्र आदि के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किये गये। बैठक में सभासद राजीव सिंघल, मदन लाल शर्मा, सन्नी अरोड़ा, अहसान अहमद, मीनू सिंह, विमला देवी, रीना, रिफाकत हुसैन, प्रताप सैनी आदि रहे।