सहारनपुर। श्री भूतेश्वर इंटर कॉलेज मैदान पर आयोजित ऑल इंडिया अंडर-19 कलर ड्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को विकास शर्मा इलेविन मुजफ्फरनगर और ओज क्रिकेट एकेडमी नोएडा की टीम के बीच मुकाबला हुआ। इसमें मुजफ्फरनगर की टीम ने 231 रन के भारी अंतर से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।
नोएडा की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुजफ्फरनगर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट गंवाकर 352 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इनमें विशाल ने 121 व स्पर्श ने 113 रनों की शतकीय पारियां खेली। नोएडा की ओर से सार्थक, उदित, इरशाद ने एक-एक विकेट लिया। 353 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा की पूरी टीम 18 ओवर में 121 रन बनाकर आउट हो गई। इस प्रकार मुजफ्फरनगर की टीम ने यह मुकाबला 231 रन के अंतर से जीत लिया। नोएडा के लिए विश्वजीत ने 24 रन बनाए। मुजफ्फरनगर की ओर से स्पर्श, अभिषेक व आदेश ने दो-दो विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच स्पर्श को चुना गया। मैच के दौरान सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष साजिद उमर, मीडिया प्रभारी सैयद मशकूर, राजिव गोयल उर्फ टप्पू, रणधीर कपूर, सचिन गर्ग, विशाल गोयल, भावना तोमर, शोएब, अर्जुन, नदीम, फिरोज आदि मौजूद रहे।