सहारनपुर। नगर निगम ने ऐतिहासिक मेला गुघाल की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बृहस्पतिवार को नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने निगम व स्मार्ट सिटी अधिकारियोें के साथ मेला गुघाल स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने म्हाड़ी स्थल से सटे तालाब को अमृत सरोवर के रुप में विकसित करने के लिए निर्माण विभाग को प्रस्ताव बनाने को कहा।
नगरायुक्त गजल भारद्वाज रेलवे फाटक स्थित मेला गुघाल स्थल पहुंचीं। मेला गुघाल की तैयारियों के संबंध में जायजा लिया। उन्होंने पूरे मेला बाजार स्थल का पैदल भ्रमण कर पूर्व में की जाने वाली तैयारियों और मेले के स्वरूप के संबंध में जानकारी ली। मानचित्रकार अरविंद अरोड़ा ने नगरायुक्त को मेला बाजार के चौराहे पर बनाए जाने वाले फव्वारे और लगने वाले झूलों के अलावा लकड़ी बाजार, मुख्य बाजार आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। नगरायुक्त ने सड़कों को समतल करते हुए ठीक कराने तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे लाइन की ओर खुलने वाले मेला स्थल के मार्गों को सुरक्षा की दृष्टि से मेला समय में बंद करवाने को कहा। छड़ियों के भगत गुलशन सागर, ओमप्रकाश सैनी व जंगबहादुर आदि ने नगरायुक्त से म्हाड़ी स्थल पर निगम की ओर से सभी छड़ियों के थलों के निकट बेंच लगवाने, बिजली व्यवस्था कराने तथा पेयजल के लिए वाटर कूलर लगवाने की मांग की। नगरायुक्त ने अधिकारियों को मेला संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय से कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर नगरायुक्त राजेश यादव, अधीक्षण अभियंता अमरेंद्र गौतम, सहायक अभियंता दानिश नकवी आदि भी मौजूद रहे।