सहारनपुर। पोषण अभियान के तहत जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर ममता दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बालकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही उन्हें बीमारी से बचाव के टिप्स दिए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा त्रिपाठी ने बताया कि पोषण अभियान के अंतर्गत हर माह की 15 तारीख को आंगनबाड़ी केंद्रों पर ममता दिवस का आयोजन किया जाता है। शुक्रवार को गांव मवीकला और गांव मनोहरपुर सहित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित हुए। डीपीओ आशा त्रिपाठी ने बच्चों, उनके अभिभावकों, महिलाओं और पुरुषों को डेंगू बुखार से बचाव के टिप्स दिए। उन्होंने लोगों से कहा कि घर में और आसपास पानी जमा न होने दिया जाए। डेंगू का मच्छर स्वच्छ पानी में ही पैदा होता है। मच्छर के काटने पर बुखार आने पर दुष्परिणाम सामने आते हैं। इसलिए सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके अलावा खुले में शौच न जाएं। 90 फीसदी बीमारियां साफ-सफाई के अभाव में होती हैं। बच्चों को बचपन से ही रोजना नहाने, खाना खाने से पूर्व हाथ धोने, नाखून काटने की आदत डालें। शौच करने के पश्चात अच्छी तरह से हाथ धोएं। इसके अलावा कूड़ेदान में ही कूड़ा डाला जाए। कुपोषण से बचाव के लिए बच्चों और गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार दिया जाए। इस दौरान गरिमा यादव, पम्मी कुमार, अलका, रजनी आदि मौजूद रहे।