Saharanpur: कांवड़ियों से कार टकराई, फिर लाठियों से बरसी नाराजगी, वीडियो वायरल, पुलिस ने कराया समझौता
शाहजहांपुर में कांवड़ यात्रा के दौरान कार के कांवड़ से टकराने पर कांवड़ियों ने लाठी-डंडों से इनोवा कार में जमकर तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के सरसावा क्षेत्र के शाहजहांपुर में शुक्रवार रात कांवड़ शिविर के बाहर उस समय हंगामा हो गया जब कांवड़ यात्रा के दौरान एक कार की टक्कर पैदल चल रहे एक शिवभक्त से हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के कांवड़ियों में विवाद हुआ। कार में तोड़फोड़ की गई। बाद में समझौता हुआ।
घटना शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे की है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे कांवड़ियों की इनोवा कार पैदल चल रहे शिवभक्त की कांवड़ से टकरा गई। कांवड़ को नुकसान पहुंचने पर शिवभक्त नाराज हो गए। इसके बाद हाथों में लिए लाठी-डंडों से कार में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस मौके पर पहुंची।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 19 जुलाई को आपके शहर में क्या हुआ
सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
कार में तोड़फोड़ किए जाने का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। इसके बाद वीडियो एक से दूसरे और दूसरे से तीसरे ग्रुपों में तेजी से वायरल हुआ। वायरल वीडियो में कांवड़िए कार में हमला करते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो 11 सेकेंड का है।
मामला शाहजहांपुर क्षेत्र का है। एक व्यक्ति सड़क को क्रॉस कर रहा था। इसी दौरान हाईवे पर कार लगने से वह घायल हो गया। कार को क्षतिग्रस्त किया। स्थिति नियंत्रण में है। -सागर जैन, एसपी देहात