सहारनपुर। सिंचाई के लिए नल्हेड़ा रजबहे में पानी की मांग को लेकर जड़ौदा पांडा और अन्य गांव के लोगों ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद कलक्ट्रेट में पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि 10 नवंबर तक सिंचाई के लिए पानी दिलाया जाए, नहीं तो 15 नवंबर से बेमियादी धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे और चुनाव का भी बहिष्कार किया जाएगा।
सोमवार को जिलाधिकारी अखिलेश सिंह को सौंपे ज्ञापन में कहा कि इस क्षेत्र के 12 से ज्यादा गांवों के लोगों को सिंचाई के लिए पानी की आवश्यकता है। करीब 22 साल से वह इसकी मांग करते आ रहे हैं। प्रदेश सरकार ने नल्हेड़ा रजबहा बनवा दिया, लेकिन नई लिंक नहर फीडर चैनल देवबंद से 35 क्यूसेक पानी उपलब्ध कराने की घोषणा पूरी नहीं हो सकी है। इसके लिए सोलर पंप की स्थापना होनी है और शासन स्तर से एक किस्त रुकी हुई है। उन्होंने कहा कि सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान अरविंद त्यागी, मनोज राणा, राकेश कुमार, कुशलपाल त्यागी, संदीप कुमार, विनोद प्रधान, योगेश कुमार, सुनील कुमार, नितिन त्यागी, नाहर सिंह, बिट्टू और आशीष आदि मौजूद रहे।