सहारनपुर। दो कंपनियों में लोगों द्वारा जमा कराई की धनराशि को वापस दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि संबंधित कंपनियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने तहसीलदार सदर तपन कुमार मिश्रा को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
मंगलवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली एवं महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि दो कंपनियों ने निवेश एवं बचत जमा योजनाओं के नाम पर गरीब नागरिकों को बेहतर भविष्य के सपने दिखाए। निवेश के नाम पर उनसे उनकी बचत हड़प ली। उन्होंने आरोप लगाया कि निवेश कर फंसे लोगों को न्याय दिलाने में भाजपा सरकार नाकाम साबित हो रही है। कांग्रेस ने इन पीड़ितों के साथ खड़े होकर उनकी लड़ाई लड़ने का जो फैसला किया है, उसे हम अंजाम तक पहुंचाएंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता शशी वालिया एवं एआईसीसी सदस्य जावेद साबरी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इन कंपनियों को संरक्षण दे रही है, जबकि सरकार का काम पीड़ितों को न्याय दिलाना होता है। इस दौरान उमा भूषण, गणेश दत्त शर्मा, मनीष त्यागी, हरिओम मिश्रा, बिलाल खान, मोबिन गाडा, चंद्रजीत सिंह निक्कू, मधु सहगल, गुलफाम अंसारी, अक्षय चौधरी, इकराम खान, जव्वार अहमद, चौधरी ग़ालिब, आरिफ मंसूरी, रवि कुमार, मनीष सहगल आदि मौजूद रहे।