सहारनपुर। प्रधानमंत्री गरीब आवास योजना में धांधली का आरोप लगाकर कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंडलायुक्त कार्यालय पर धरना देकर प्रदर्शन किया। मंडलायुक्त दफ्तर पर दिए गए ज्ञापन में मामले की जांच करा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पात्रों को आवास दिलवाने की मांग की गई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली और महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंडलायुक्त कार्यालय पर धरना, प्रदर्शन किया। ज्ञापन में आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री गरीब आवास योजना में संबंधित अधिकारी और कर्मचारी धांधली कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पात्र लाभार्थियों से भी योजना का लाभ देने के लिए सुविधा शुल्क की मांग की जा रही है। जिन पात्रों को मकान बनाने की किस्त जारी हुई है, उनसे भी रुपयेे की मांग की जाती है। नहीं देने वालों की आगामी किस्त नहीं दी जा रही। उन्होंने बताया कि इस संबंध में डीएम से भी शिकायत की गई थी, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी है। मंडलायुक्त के नाम दिए गए ज्ञापन में इसकी जांच करा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पात्रों को योजना का लाभ दिलवाने की मांग की गई। ऐसा नहीं होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतर कर आंदोलन की चेतावनी दी है। धरना प्रदर्शन में इकराम खान, नौशाद राव, शादाब, प्रेमनाथ, जब्बार अहमद, मधु सहगल आदि शामिल रहे।