सहारनपुर। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाकियू वर्मा के राष्ट्रीय संयोजक भगत सिंह वर्मा ने कहा कि सरकार राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे कॉरिडोर आदि के लिए जमीन का अधिग्रहण औने पौने दामों पर कर रही है। उन्होंने कहा कि जनपद के किसानों को भी शामली और बागपत जनपद के बराबर मुआवजा दिलाया जाए।
शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित मासिक बैठक में उन्होंने कहा कि देश में तमाम सरकारें किसानों की उपेक्षा करती रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार तत्काल बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराए। साथ ही बकाया गन्ना मूल्य पर ब्याज का भी भुगतान कराया जाए। अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय सह संयोजक रविंद्र चौधरी ने कहा कि यह किसानों की आर्थिक आजादी की लड़ाई है, जिसे 14 जुलाई को देवबंद से शुरू किया जाएगा। बैठक के बाद किसानों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और अपर उप जिलाधिकारी संजीव कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने तत्काल ब्याज सहित बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराने और किसानों के बिजली के बिल माफ करने सहित अन्य मांग की। इस दौरान डॉ. अशोक मलिक, नीरज कपिल, आसिम मलिक, मो. राव रजा, गगन त्यागी, बबलू मलिक, भूपेंद्र चौधरी, सुशील गुर्जर धारकी, वीरेंद्र चौधरी, सुनील धीमान आदि ने भी विचार रखे।