सरकार के निर्देश का नहीं असर: अमर उजाला की पड़ताल में खुली अफसरों की पोल, हैरान कर देंगे सड़कों ये गड्ढे
Saharanpur News : अमर उजाला ने पड़ताल की तो 14 सड़कें ऐसी मिलीं जिन पर वाहन तो दूर पैदल चलना भी दुश्वार है। यह स्थिति तब है कि जब स्थानीय लोग समय-समय पर नेताओं से अधिकारियों तक को भी शिकायत करते रहते हैं।
विस्तार
गड्ढा मुक्त सड़कों को लेकर प्रदेश सरकार गंभीर है। आए दिन अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं कि हर हाल में सड़कों को ठीक कराया जाए। इन निर्देशों का कितना पालन किया जा रहा है, इसे लेकर अमर उजाला ने कस्बों से लेकर देहात क्षेत्र की सड़कों की पड़ताल की। इसमें 14 सड़कें ऐसी मिलीं जिन पर वाहन तो दूर पैदल चलना भी दुश्वार है। यह स्थिति तब है कि जब स्थानीय लोग समय-समय पर नेताओं से अधिकारियों तक को भी शिकायत करते रहते हैं।
सहानपुर में पड़ताल में जो सड़क जर्जर हालत में मिली उसमें कुछ नगर पंचायत, नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत, गन्ना समिति और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़कें भी शामिल है। सड़कों की स्थिति को देखकर तो यह कहीं जा सकता है कि शायद इन विभागों पर सरकार के निर्देशों का कोई असर ही नहीं होता।
ये सड़कें मिलीं जर्जर हाल-
- रामपुर मनिहारान बाईपास गंगोह रोड की लंबाई 3 किमी। यह नगर पंचायत के अधीन आती है।
- रामपुर मनिहारान शहरीपुल से ईदगाह तक बाईपास की दूरी 2 किमी। यह भी नगर पंचायत में आती है।
- नागल से नासिरपुर डिगोली सड़क मार्ग की लंबाई 12 किमी, जो गन्ना समिति के अधीन आती है।
- लखनौती से सराजपुर तकी मार्ग की लंबाई साढ़े तीन किमी है, जो प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी थी।
- गंगोह से लखनौती रोड का एक किमी का हिस्सा जर्जर। वह नगर पालिका गंगोह के अंतर्गत आता है।
- पठेड से कांसेपुर सड़क मार्ग की लंबाई 8 किमी है, जो लोक निर्माण विभाग की है।
- अंबोली से मनोहरपुर रेलवे ब्रिज तक सड़क मार्ग की लंबाई 2 किमी। यह प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी थी।
- कम्बोह माजरा-शेखपुरा मार्ग की लंबाई 3 किमी, जो जिला पंचायत के अधीन आती है।
- रायपुर मिर्जापुर सड़क मार्ग, लंबाई 3 किमी आधा बना कर छोड़ दिया। यह लोक निर्माण विभाग की सड़क है।
- बिहारीगढ़ थाप्पुल रोड उत्तराखंड सीमा तक की लंबाई एक किमी। जो लोक निर्माण विभाग की है।
- बिहारीगढ़ तेलपुरा रोड उत्तराखंड सीमा तक की लंबाई डेढ़ किमी। यह भी लोक निर्माण विभाग की है।
- देहरादून हाईवे के दामोदराबाद से इस्माईलपुर मार्ग की लंबाई ढाई किमी है, जो लोक निर्माण विभाग के अधीन है।
- तल्हेडी बुजुर्ग से शाहपुर रोड की लंबाई 700 मीटर है, जिसका निर्माण गन्ना समिति ने कराया था।
- नानौता से ओलरा सड़क मार्ग का एक किमी का हिस्सा खस्ताहाल है, जो गन्ना समिति के अधीन है।
यह भी पढ़ें: Blast In Factory: झूठ बोलकर बारुद के काम में लगाए थे मजदूर, लाशें देख बिलख पड़े परिजन, सच छिपा रहे अफसर
हाल ही में संबंधित विभागों की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें सभी को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने अधीन आने वाली जर्जर सड़कों को ठीक कराया जाए। इसके अलावा जिस सड़क में गड्ढे हैं उन्हें दीपावली से पहले ठीक किया जाए, जो भी लापरवाही बरतेगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. दिनेश चंद्र, जिलाधिकारी सहारनपुर
यह भी पढ़ें: दर्दनाक: कैंटर ने 20 मीटर तक घसीटा, कवि सौरभ जैन के भाई की मौत, पिता के नसीब में नहीं था बेटी के हाथ पीले करना