गंगोह (सहारनपुर)। नशे की रोकथाम के लिए गांव बाढ़ीमाजरा में हुई पंचायत में नशे के कारोबार करने वालों की मदद करने वालों पर भी जुर्माने का प्रावधान किया गया है। पंचायत में 15 लोगों की कमेटी का गठन किया गया।
क्षेत्र में नशे का कारोबार लगातार बढ़ता ही जा रहा है। नशा अब युवकों को भी अपनी चपेट में ले रहा है। लगातार बढ़ते नशे के कारण अब ग्रामीण भी इस पर पाबंदी लगाने के लिए आगे आने लगे हैं। गांव बाढ़ीमाजरा में इस मुद्दे पर पंचायत का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान जुल्फान चौधरी के नेतृत्व में गांव के लोगों द्वारा बढ़ रहे स्मैक के कारोबार को लेकर चिंता जताते हुए 15 लोगों की कमेटी का गठन किया। यह कमेटी इस तरह के कारोबार में लगे लोगों पर नजर रखेगी। कमेटी में प्रधा न जुल्फान के अलावा पूर्व प्रधान अख्तर, रघुवीर सिंह कोरी, रकमदीन, बहाउदीन, कारी साजिद आदि शामिल हैं। पंचायत में कमेटी ने एकमत होकर नशे का कारोबार करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई एवं जुर्माना लगाने की बात कही। यह भी निर्णय लिया गया कि यदि कमेटी का कोई सदस्य नशे के कारोबारी पर नरम रवैया रखेगा तो उस पर भी जुर्माना लगेगा। इस दौरान रघुवीर सिंह, मुस्तकीम चौधरी, हाजी तहसीन, असरून आदि रहे।