रामपुर में दर्दनाक हादसा: बाइक सवार तीन युवकों को कार ने मारी टक्कर, हादसे में ममेरे-फुफेरे भाइयों की मौत
शनिवार की शाम बाइक सवार युवक रामपुर से दौंकपुरी टांडा जा रहे थे। रास्ते में गांव का ही एक युवक राहुल मिल गया। जिस पर दोनों ने राहुल को भी बाइक पर बैठा लिया। इस दौरान रास्ते में बहादुरगंज के पास एक कार चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों बाइक सवार सड़क पर जा रहे टेंपो से टकराकर गिर गए। जिसमें दो की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रामपुर के अजीमनगर थाना क्षेत्र में एक बाइक पर सवार तीन युवकों को कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में ममेरे-फुफेरे दो भाइयों की मौत हो गई। जबकि, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के स्वार रोड स्थित बहादुरगंज के पास का है। दौंकपुरी टांडा निवासी राजीव (22) अपने ममेरे भाई खुर्शीदनगर गांव निवासी राजू(23) के साथ बाइक से रामपुर गए थे। शनिवार की शाम दोनों रामपुर से वापस दौंकपुरी टांडा आ रहे थे। रास्ते में गांव का ही एक युवक राहुल मिल गया। जिस पर दोनों ने राहुल को भी बाइक पर बैठा लिया। इस दौरान रास्ते में बहादुरगंज के पास एक कार चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों बाइक सवार सड़क पर जा रहे टेंपो से टकराकर गिर गए।
हादसा देख मौके से गुजर रहे लोग मदद को दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर चौकी इंचार्ज दिलीप कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को जिला अस्पताल ले जा रही थी लेकिन, इस दौरान रास्ते में ही राजीव (22) और राजू (23) की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल राहुल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। वहीं, बाद में सीओ स्वार श्रीकांत प्रजापति घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों एवं पुलिस से घटना की जानकारी ली।
थानाध्यक्ष राहुल गंगवार ने बताया कि बाइक कौन चला रहा था। इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है, क्योंकि हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है जोकि जानकारी देने की अवस्था में नहीं है। पुलिस के अनुसार बाइक सवार हेलमेट लगाए थे या नहीं इस बात की तस्दीक की जा रही है, लेकिन मौके पर कोई हेलमेट नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।