ेंरामपुर। शासन के निर्देशानुसार जिले में अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को एक साथ पांच खाद्य सामग्रियों का नि:शुल्क वितरण कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने राशन की दुकानों पर आयोडाइज्ड नमक, साबुत चना, खाद्य तेल, गेहूं एवं चावल के नि:शुल्क वितरण की सतत निगरानी एवं मॉनिटरिंग के दृष्टिगत जनपद के अधिकारियों की टीमें गठित की हैं। जिलाधिकारी ने निरीक्षणकर्ता अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे उचित दर वितरण दुकान पर पहुंचकर शासन द्वारा निर्धारित सभी पांच सामग्रियों के वितरण की स्थिति के साथ-साथ दुकान पर नोडल अधिकारी की उपस्थिति, हैंडवॉस एवं सैनिटाइजर की उपलब्धता, उचित दर विक्रेता द्वारा अंत्योदय कार्ड पर 35 किलोग्राम खाद्यान्न और पात्र गृहस्थी कार्ड में प्रत्येक यूनिट पर पांच किलोग्राम खाद्यान्न सहित समस्त निर्धारित पांच सामग्रियों के नि:शुल्क वितरण की स्थिति, ई-पॉस मशीन से वितरण, स्टॉक की भौतिक स्थिति और स्टॉक रजिस्टर की जांच भी करेंगे। उन्होंने निरीक्षणकर्ता अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह दो दिवस के भीतर इन समस्त बिंदुओं पर जांच करके जांच आख्या उपलब्ध कराएं। साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी को भी निर्देशित किया कि यदि जांच आख्याओं के आधार पर अनियमितता पाई जाती हैं, तो दोषी उचित दर विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई करें। संवाद