Rampur By-Election: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बोले- मोदी-योगी की लहर में न किसी का गढ़ बचा, न किला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को शाहबाद रोड स्थित सांवरिया पार्क में रामपुर नगर विधानसभा क्षेत्र के बूथ सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता बूथ जीतो, चुनाव जीतो के मंत्र पर कार्य करते हुए रामपुर विधानसभा के उपचुनाव में कमल खिलाकर इतिहास रचने का काम करें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र चौधरी ने कहा है कि पूरे प्रदेश में मोदी-योगी की लहर चल रही है। इस लहर में न तो किसी का गढ़ बचा है और न ही किला। हमने आजमगढ़ और रामपुर संसदीय सीट पर होने वाले उपचुनाव पर जीत हासिल की थी। अब रामपुर और खतौली की विधानसभा सीट के साथ-साथ मैनपुरी लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में भी जीत हासिल करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को शाहबाद रोड स्थित सांवरिया पार्क में रामपुर नगर विधानसभा क्षेत्र के बूथ सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता बूथ जीतो, चुनाव जीतो के मंत्र पर कार्य करते हुए रामपुर विधानसभा के उपचुनाव में कमल खिलाकर इतिहास रचने का काम करें। सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथों पर डटकर एक-एक वोट डलवाने का कार्य करना है। कोई मतदाता ऐसा न हो, जो अपने मताधिकार का प्रयोग न कर सके।
भाजपा नेता ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के कल्याण, युवाओं को रोजगार और महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उत्तर प्रदेश में गांव के गरीब से लेकर किसानों के हितों तक की चिंता भाजपा सरकार कर रही है। ऐसे में कार्यकर्ता जनता को उनके हितों के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी देने के लिए घर-घर पहुंचे। निश्चित ही जनता भाजपा को वोट देगी और रामपुर में इतिहास रचने का काम होगा।
उन्होंने बूथ अध्यक्षों से उनके बूथों की स्थिति के बारे में जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि भाजपा के परिश्रमी कार्यकर्ताओं को इस विधानसभा उपचुनाव में बूथ स्तर पर और अधिक मेहनत करनी होगी। एक-एक मतदाता के पास पहुंचना होगा, जिससे सभी लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व के प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व सबका साथ-सबका विकास व सबका विश्वास की नीति के साथ कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से रामपुर में इस बार कमल खिलना तय है।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि वैसे तो कोई भी चुनाव बिना बूथ जीते नहीं जीता जा सकता, लेकिन यह चुनाव बेहद अहम है। ऐसे में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को और अधिक मेहनत करनी होगी। एक-एक मतदाता के पास पहुंचना होगा, जिससे सभी लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
पैक्सपेड के चेयरमैन व नगर विधानसभा उपचुनाव के संयोजक सूर्यप्रकाश पाल ने प्रदेश अध्यक्ष को चुनाव के लिए अब तक की गई तैयारियों की जानकारी दी। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री व चुनाव प्रभारी हरीश ठाकुर, जिला प्रभारी राजीव सिसौदिया, जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, सांसद घनश्याम सिंह लोधी, विधायक राजबाला, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, डॉ जयपाल सिंह व्यस्त, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना, पूर्व मंत्री शिवबहादुर सक्सेना, पूर्व विधायक अली यूसुफ अली आदि उपस्थित रहे।
कोसी के पुल से लेकर ज्वालानगर तक बरसे फूल
भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद चौधरी भूपेंद्र सिंह पहली बार सोमवार को रामपुर पहुंचे। यहां पहुंचने पर पार्टी के कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने उनका जोरदार स्वागत किया। कोसी नदी के पुल से लेकर ज्वालानगर फूल बरसाए गए।
हाईवे पर जीरो प्वाइंट के पास पार्टी के नेताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद आंबेडकर पार्क पर सैनी समाज, जिला सहकारी बैंक पर सहकारी समितियों के सदस्यों, रेलवे स्टेशन चौराहे पर व्यापार मंडल, गुरूद्वारा पर सिख समाज, चीनी मिल गेट वाल्मीकि सेवा समिति व ब्राहमण समाज, भारत टैंट हाउस चौराहा पर वैश्य सभा और जाटव समाज, पंजाबी स्वीट हाउस चौराहा आदर्श रामलीला कमेटी, शौकत अली रोड राधा तिराहा लायनेस क्लब ऑफ चिराग और जिला मीडिया प्रभारी, ज्वालानगर पुल वीरांगना आवंतीबाई लोधी, ज्वालानगर तिराहा भाजपा महिला मोर्चा, कृष्णा मंदिर यादव समाज ने अलग-अलग स्वागत किया। इस दौरान संगठन के लोगों ने फूल बरसाए। साथ ही स्मृति चिन्ह भेंट किए।