रामपुर। हाईकोर्ट के आदेश के बाद 2015 को आधार मानते हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए जिला पंचायत, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए आरक्षण सूची तैयार करने के निर्देश के बाद पंचायत राज विभाग की ओर से आरक्षण सूची जारी की गई थी। जिस पर आपत्ति दर्ज कराने के अंतिम दिन मंगलवार तक जिले भर में 556 आपत्तियां दर्ज की गई हैं।
प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। एक बार पंचायती राज विभाग की ओर से 1995 को आधार मानते हुए आरक्षण सूची जारी की गई थी। जिसके बाद आपत्ति लेने व आपत्ति प्राप्त होने के बाद निस्तारण कर अंतिम सूची जारी कर दी गई थी। लेकिन, इस प्रक्रिया को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। जिस पर हाईकोर्ट ने 2015 को आधार मानकर आरक्षण सूची जारी करने के निर्देश दिए थे। जिस पर पंचायती राज विभाग की ओर से 20 मार्च को 2015 को आधार मानते हुए आरक्षण सूची जारी की गई और इस पर आपत्ति मांगी गई। सूची पर 23 मार्च तक आपत्ति दर्ज करानी थी। प्रशासन ने मंगलवार शाम को जिले भर में प्राप्त हुई आपत्तियों को ब्यौरा जारी कर दिया है। जिसमें जिला पंचायत के वार्डों के संबंध में 23, क्षेत्र पंचायत सदस्य को लेकर 10 और ग्राम प्रधान को लेकर 523 आपत्ति दर्ज हुई हैं। 24 और 25 मार्च को आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।