रामपुर। श्रीखाटू श्याम बाबा के संकीर्तन में देर तक श्रद्धालु भक्तिभाव में खोकर नृत्य करते रहे। श्रीश्याम बाबा के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
मंगलवार की देर रात शहर के कुतुब मियां के फाटक पर श्रीखाटू श्याम बाबा का संकीर्तन हुआ। श्री श्याम प्रभु की नैनाभिराम झांकी सजाई गई। बाबा की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। बाबा को माखन, मिश्री, मेवा, फल, मिष्ठान आदि का भोग भी लगाया गया। बरेली से आए कलाकारों राम और श्याम, शिवम शर्मा, सोनल सक्सेना, कुक्की अरोड़ा, हनुमान गढ़ से आए सुरेश कटारिया, मिलक के राजू बैरागी के अलावा स्थानीय कलाकारों ने श्रीश्याम बाबा के बेहतरीन भजन प्रस्तुत कर समां बांध दिया। शुरुआत गणेश वंदना से की। गुरु वंदना के बाद श्री श्याम बाबा के भजन प्रस्तुत किए, तो श्रद्धालु भक्ति भाव में खोकर नृत्य करने लगे। दरबार अनोखा, खाटू वाले की हर बात अनोखी। झुक गए बड़े बड़े सरकार, तेरी मोर छड़ी के आगे। ऐसी मस्ती कहां मिलेगी, तू श्याम नाम रस पी ले। आना है आना है, आना है आज मेरे घर आना है। कोई प्यार से मेरे श्याम को सजा दे, गजब हो जाएगा। तुझे अपने बाबा पे भरोसा जो होगा, जो कुछ भी होगा अच्छा ही होगा। खाटू का टिकट कटा के भाग तेरे खुल जाएंगे, जैसे भजन प्रस्तुत माहौल को भक्तिमय बना दिया। आधी रात तक श्याम भक्त बाबा के दरबार भक्ति भाव में खोकर नृत्य करते रहे। आरती के प्रसाद वितरण हुआ। अर्पित सक्सेना, प्रदीप अग्रवाल, सौरभ गुप्ता, लवी सक्सेना आदि मौजूद रहे।