Lok Sabha Elections: रामपुर सीट पर सपा ने बढ़ाया सस्पेंस, प्रत्याशी घोषित नहीं, अखिलेश के चुनाव लड़ने की चर्चा
रामपुर लोकसभा सीट पर सपा ने अबतक अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है। इस सीट पर पहले चरण में मतदान होना है। चर्चा है कि आजम से मुलाकात के बाद इस सीट से अखिलेश यादव चुनाव लड़ सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समाजवादी पार्टी ने रविवार को दो और सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए लेकिन रामपुर सीट पर अभी तक कोई उम्मीदवार के नाम का खुलासा नहीं किया है। लिहाजा इस सीट पर लगातार सस्पेंस बना हुआ है। इस सीट पर पार्टी मुखिया अखिलेश यादव के लड़ने की चर्चाओं ने भी जोर पकड़ रखा है।
जिले में पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि 27 मार्च तक नामांकन होंगे। लोकसभा चुनाव के लिए सियासत तेज हो गई है। चुनाव के लिए इस वक्त नामांकन की प्रक्रिया चल रही है।
अभी तक किसी भी पार्टी के प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया है। समाजवादी पार्टी ने अभी तक अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। वहीं भाजपा ने चुनाव की घोषणा से पहले ही सांसद घनश्याम सिंह लोधी को प्रत्याशी घोषित कर दिया था।
बहुजन समाज पार्टी ने जीशान खां को शनिवार की देर शाम प्रत्याशी घोषित किया है, लेकिन समाजवादी पार्टी ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। लोगों को उम्मीद थी कि सपा रविवार को रामपुर सीट से प्रत्याशी घोषित कर देगी। इसको लेकर दिन भर लोगों को इसका इंतजार भी रहा।
दिन भर इंतजार के बाद सपा ने मंडल की दो सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए। मुरादाबाद से सांसद डॉ. एसटी हसन को टिकट दिया गया और बिजनौर से दीपक सैनी को टिकट दिया गया, लेकिन रामपुर से सपा ने प्रत्याशी का एलान नहीं किया।
रामपुर सीट को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सपा नेता आजम खां से सीतापुर जेल जाकर भी मुलाकात की थी और इस मुलाकात के बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि सपा मुखिया अखिलेश यादव रामपुर सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।
इस चर्चा के बाद सपा से जुड़े कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इसके चर्चे रामपुर से लेकर लखनऊ तक हो रहे हैं। हालांकि, अभी इसको लेकर पार्टी पदाधिकारी कुछ बोल नहीं रहे हैं।
26 और 27 को ही होना है नामांकन
लोकसभा चुनाव के लिए अब 26 व 27 मार्च को ही नामांकन होना है। नामांकन के अब तक तीन दिन निकल चुके हैं। सोमवार को होली का अवकाश रहा। इसके बाद 26 व 27 मार्च को नामांकन होगा। अभी तक कोई नामांकन नहीं हुआ है। अब तक भाजपा प्रत्याशी समेत कुल 22 प्रत्याशियों ने 23 नामांकन पत्र लिए हैं।