ट्रक से भिड़ा लोडर, पिता की मौत, बेटा घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना क्षेत्र में शनिवार को तड़के लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर खड़े ट्रक से एक लोडर टकरा गया। इससे वाहन मालिक की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह हादसा उस समय हुआ, जब लखनऊ से लोडर से अखबार लेकर दोनों रायबरेली लौट रहे थे। ट्रक चालक की लापरवाही के चलते हादसा हुआ, जिससे लोगों में नाराजगी है।
पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।
जगतपुर थाना क्षेत्र के हेवतहा नेवढ़िया गांव निवासी शिवकरन द्विवेदी (40) लखनऊ से लोडर से अखबार लेकर कर जिला मुख्यालय लौट रहे थे। साथ में उनका बेटा सचिन द्विवेदी (21) भी था।
लखनऊ-इलाहाबाद मार्ग पर बछरावां के कुंदनगंज के पास हाईवे पर एक ट्रक पहले से खड़ा था। पीछे से लोडर टकरा गया, जिसमें शिवकरन और उसका बेटा सचिन घायल हो गए।
दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शिवकरन को मृत घोषित कर दिया गया। बेटे की हालत गंभीर है। हाथ, पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना पाकर एसओ मौके पर पहुंचे, लेकिन एंबुलेंस काफी देर बाद आई, जिससे घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने में देर हुई। इससे लोगों में नाराजगी है।
बताया जाता है कि ट्रक चालक की लापरवाही से हादसा हुआ। लोगों का कहना है कि चालक ट्रक हाईवे पर खड़ा करके कहीं चला गया। इसी वजह से हादसा हो गया।
सभी ने चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हादसे की सूचना पर परिवारीजन और नाते-रिश्तेदार पहुंचे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय के भाई अमिताभ पांडेय भी जिला अस्पताल पहुंचे। एसओ आरपी रावत का कहना है कि रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।
शिवकरन की मौत पर गमगीन ग्रामीण
हादसे में शिवकरन की मौत की सूचना से न सिर्फ परिवारीजनों, नाते-रिश्तेदारों में कोहराम मच गया, बल्कि ग्रामीण भी गमगीन हो गए। दो बेटे सचिन, कपिल और चार बेटियां हैं।
घर चलाने की जिम्मेदारी शिवकरन पर ही थी। शिवकरन की मौत से जहां परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं, वहीं उन्हें चिंता सता रही है कि परिवार की गाड़ी कैसे चलेगी।