महेशगंज थाना क्षेत्र के डिहवा जलालपुर गांव निवासी कुलदीप कुमार केसरवानी ने पूरे मसवन चौराहे पर मोबाइल फोटोग्राफी और फोटो स्टेट की दुकान खोल रखी है। लॉकडाउन के कारण आजकल दुकान बंद चल रही है। रविवार की रात कुछ अराजक तत्वों ने बंद दुकान के शटर के नीचे से प्लास्टिक की बोतल में लाये गए पेट्रोल को पाइप के सहारे दुकान के अंदर डाल दिया। इसके साथ ही उसमें आग लगा दी। बाहर से शटर बंद होने के चलते आग लगने की जानकारी किसी को नहीं नहीं हो सकी।
सुबह दुकान से उठता धुआं देखकर दुकानदार को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे दुकानदार ने दुकान खोली तो उसके होश उड़ गए। अंदर रखा चार लैपटॉप, फोटोकापी मशीन, वीडियो कैमरा, फर्नीचर, मोबाइल रिचार्ज, नए मोबाइल सेट समेत लाखों रुपए का सामान जल गया था। पीड़ित ने घटना की सूचना 112 पुलिस को दी। मौके पर पुलिस पहुंची और घटना की जांच की। इस दौरान जिस बोतल में पेट्रोल लाया गया था वह बोतल भी दुकान के बगल से फेंकी हुई मिली। कुलदीप ने रंजिशन आग लगाए जाने का आरोप लगाते हुए महेशगंज थाने में घटना की तहरीर दी है।