प्रतापगढ़ : कॉलेज में राष्ट्रगान न कराने को लेकर हंगामा, तीन दिन पहले भी हुआ था विवाद
रखहा बाजार स्थित यासीनिया इंटर कॉलेज में राष्ट्रगान न कराने को लेकर तीन दिन से आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा था। तीन दिन पहले कुछ लोगों ने कॉलेज में हंगामा किया था। इस पर कॉलेज प्रबंधन की तरफ से अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिलीपपुर थाना क्षेत्र के रखहा गनईडीह स्थित यासीनिया इंटर कॉलेज में राष्ट्रगान न कराने का आरोप लगाते हुए सोमवार सुबह लोगों ने हंगामा कर दिया। कॉलेज पहुंचे अभिभावक और कुछ छात्र-छात्राएं प्रबंधन पर मजहबी खेल खेलने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करने लगे। सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने लोगों को किसी तरह शांत कराया। उधर, मामले को गंभीर बताते हुए एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने डीआईओएस कार्यालय के सामने कॉलेज प्रबंधन का पुतला फूंका। दूसरी ओर, कॉलेज प्रबंधन ने आरोपों को सिरे नकार दिया। उसका कहना है कि हर दिन कॉलेज में राष्ट्रगान कराया जाता है।
रखहा बाजार स्थित यासीनिया इंटर कॉलेज में राष्ट्रगान न कराने को लेकर तीन दिन से आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा था। तीन दिन पहले कुछ लोगों ने कॉलेज में हंगामा किया था। इस पर कॉलेज प्रबंधन की तरफ से अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई थी। कॉलेज में राष्ट्रगान न कराने के मुद्दे पर छिड़ी रार में कुछ अभिभावक व छात्र-छात्राएं भी कूद पड़े। सोमवार को आक्रोशित लोग कॉलेज पहुंच गए। कॉलेज परिसर में प्रार्थना के दौरान नात पढ़ाने का विरोध करते हुए राष्ट्रगान व भारत माता के जयकारे लगाने की मांग करते हुए हंगामा करने लगे।
कॉलेज प्रशासन की ओर से सुबह प्रार्थना के दौरान राष्ट्रगान कराने का दावा किया जाता रहा। हंगामे की खबर मिलने पर दिलीपपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस कॉलेज परिसर के भीतर व बाहर जमा लोगों को दूर हटाने लगी। जिससे भगदड़ मच गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।
तनाव को देखते हुए कॉलेज गेट के बाहर पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया। जिसके बाद शिक्षण कार्य प्रारंभ हो सका। कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के अभिभावकों का आरोप है कि शिक्षा के नाम पर स्कूल में मजहबी खेल हो रहा है। बच्चों को राष्ट्रगान से दूर किया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इधर, मामले की जानकारी होने पर जिला संयोजक रमेश सिंह पटेल के नेतृत्व में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने डीआईओएस कार्यालय में कॉलेज प्रबंधन का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
छात्र-छात्राओं के नाम काटने की दी गई धमकी
कॉलेज में हंगामे के दौरान अभिभावक आरोप लगाते रहे कि प्रबंधक राष्ट्रगान कराने की मांग उठने के बाद बच्चों का नाम काटने की धमकी दे रहा है। कॉलेज में भी प्रधानाचार्य व शिक्षकों के सामने बच्चे राष्ट्रगान न होने की बात करते रहे। कुछ बच्चे हमेशा प्रार्थना में राष्ट्रगान कराने का दावा करते रहे।
कॉलेज में प्रतिदिन राष्ट्रगान होता है और भारत माता के जयकारे लगाए जाते हैं। हंगामा करने वाले कुछ स्थानीय लोग बेवजह मामले को तूल दे रहे हैं। हंगामा करने वाले लोग बाहरी हैं। - सईदउद्दीन, प्रधानाचार्य, यासीनिया इंटर कॉलेज
कॉलेज में प्रार्थना के दौरान राष्ट्रगान को लेकर चल रहे विवाद की जांच डीआईओएस की तीन सदस्यीय टीम कर रही है। उनकी रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिक्षण कार्य सुचारू रूप से संपादित कराने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। - सतपाल अंतिल, पुलिस अधीक्षक
मामले की जांच के लिए डीआईओएस ने गठित की तीन सदस्यीय टीम
दिलीपपुर थाना क्षेत्र के रखहा स्थित यासीनिया इंटर कॉलेज में प्रार्थना के दौरान राष्ट्रगान कराने को लेकर चल रहे विवाद को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. सर्वदानंद ने तीन सदस्यीय टीम गठित किया है। जिसमें एडीआईओएस, बेसिक शिक्षा विभाग और जीआईसी प्रतापगढ़ के प्रधानाचार्य को रखा गया है। सोमवार को प्रभारी प्रधानाचार्य राजकुमार सिंह ने यासीनिया इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सईदउद्दीन से प्रार्थना का वीडियो मंगाया। अवकाश के चलते दो दिन बाद जांच टीम कॉलेज पहुंचकर आरोपों के संदर्भ में जांच करेगी।