पीलीभीत। शाहजहांपुर रूट पर जल्द ही यात्रियों को इलेक्ट्रिक इंजन की ट्रेन में सफर करने की सुविधा मिल सकेगी। सोमवार को विद्युतीकरण का काम पूरा होने के बाद शाम सवा पांच बजे ट्रायल के लिए इलेक्ट्रिक इंजन रवाना किया गया। शहबाजनगर से पीलीभीत के बीच 100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से इलेक्ट्रिक इंजन को दौड़ाया गया। इसके बाद सीआरएस निरीक्षण होगा। सब कुछ ठीक रहा, तो जल्द ही इलेक्ट्रिक लोको से ट्रेनों का सफर यात्रियों को मिलने लगेगा।
शाहजहांपुर रेल खंड पर अप्रैल में 30 करोड़ की लागत से विद्युतीकरण का काम ग्रीन इंटरनेशन कंपनी ने शुरू किया था। अब पूर्वोत्तर रेलवे की डिवीजन में शहबाजनगर तक 81 किलोमीटर में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो गया है। सोमवार शाम पांच बजकर दस मिनट पर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने इलेक्ट्रिक इंजन को फूल से सजाकर पूजा पाठ की। नारियल तोड़कर ट्रायल के लिए पायलट सत्यपाल यादव सहायक पायलट अशोक कुमार इलेक्ट्रिक लोको को लेकर रवाना हुए। विद्युतीकरण का काम नौ माह में पूरा करने पर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने खुशी जताई और ट्रायल से पहले मौजूद लोगों को मिठाई खिलाई। शहबाजनगर से पीलीभीत के लिए 100 की स्पीड में इंजन को दौड़ाया गया। विद्युत तार की टचिंग को चेक करने के लिए कैमरा लगाया गया। इससे ट्रायल के दौरान चेक किया जा सके। इस मौके कार्यदायी संस्था के अशोक कुमार, विमल कुमार, जीतेंद्र तिवारी, मुकेश कुमार, अबू मौजूद रहे।