Pilibhit News: चार सौ मीटर दौड़ में रुचि, 1500 में दीक्षा ने मारी बाजी, गांधी स्टेडियम में हुईं प्रतियोगिताएं
पीलीभीत के गांधी स्टेडियम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के 10 वर्ष पूरे होने पर प्रतियोगिताएं कराई गईं। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से गुब्बारे उड़ाकर किया।
विस्तार
पीलीभीत में महिला कल्याण विभाग की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शहर के गांधी स्टेडियम में कराई गई 400 मीटर दौड़ में जूनियर हाईस्कूल रूपपुर कमालू की छात्रा रुचि ने बाजी मारी। वीरांगना अवंती बाई बालिका इंटर कॉलेज की कशिश दूसरे और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मरौरी की नीलम तीसरे स्थान पर रहीं। डीएम संजय कुमार सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
शहर के गांधी स्टेडियम में दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से गुब्बारे उड़ाकर किया। डीएम ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा के लिए प्रशासन-शासन गंभीर है। खेलकूद से बालिकाओं का मानसिक विकास होता है। प्रतिस्पर्धा की भावना भी पैदा होती है। लंबी कूद प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी मरौरी की मोहनी प्रथम, कस्तूरबा गांधी बीसलपुर की प्रभाषा द्वितीय, डीएलवी की दिव्या तृतीय स्थान पर रहीं।
200 मीटर दौड़ में मोहनी अव्वल
200 मीटर दौड़ में कस्तूरबा विद्यालय अमरिया की मोहनी प्रथम, जूनियर हाईस्कूल रूपपुर की राखी द्वितीय, कस्तूरबा विद्यालय बिलसंडा की सुषमा तृतीय स्थान पर रहीं। 800 मीटर बालिका दौड़ में कस्तूरबा विद्यालय ललौरी खेड़ा की रुचि प्रथम, रूपपुर जूनियर स्कूल की अनामिका द्वितीय, कस्तूरबा गांधी विद्यालय बरखेड़ा की संध्या तृतीय स्थान पर रहीं। 1500 मीटर दौड़ में कस्तूरबा विद्यालय अमरिया की दीक्षा ने बाजी मारी। कस्तूरबा विद्यालय बिलसंडा की उमा द्वितीय और कस्तूरबा बीसलपुर की पूनम तृतीय स्थान पर रहीं।
हॉकी प्रतियोगिता में जूनियर हाई स्कूल दियोरी की टीम विजेता रही और रूपपुर कमालू जूनियर हाईस्कूल की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिताएं जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह और जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता की देखरेख में कराई गईं। जिला विकास अधिकारी संजय कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी और जिला क्रीड़ा अधिकारी ने पुरस्कार वितरित किए।
निर्णायक समिति में राजेश शुक्ला, प्रशांत शुक्ला, राजीव कुमार, विभा मिश्रा, नवनीत गंगवार, संजय पांडे, नरेंद्र मौर्य, जयप्रकाश, वीनू गंगवार रही। इस मौके पर सीडीओ केके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह मौजूद रहे।