कस्बा के दोनों ट्रांसफार्मर फुंकने से क्षेत्र की बिजली सप्लाई ठप होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। विद्युत सब स्टेशन पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। मौके पर पहुंचे एसडीओ बिजली का घेराव कर खूब खरी-खोटी सुनाई गई। देररात तक एक ट्रांसफार्मर बदलवाने और दूसरा भी शीघ्र बदलवाने के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। स्थानीय लोगों ने बिजली सप्लाई व्यवस्था में सुधार न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। कस्बा के 1900 से अधिक उपभोक्ताओं को मात्र दो बिजली ट्रांसफार्मरों से सप्लाई की जाती है। इसमें से एक बैंक शाखा के समीप रखा था जो सोमवार को फुंक गया। इससे आधे कस्बा की बिजली सप्लाई ठप हो गई थी। बुधवार को ट्रांसफार्मर बदल दिया गया, लेकिन कुछ घंटे बाद ही वह फिर जल गया। बृहस्पतिवार को कस्बे का दूसरा ट्रांसफार्मर भी फुंक गया। इससे पूरे कस्बे की बिजली सप्लाई ठप हो गई। इसके विरोध में शुक्रवार को उपभोक्ताओं ने विद्युत सब स्टेशन पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर एसडीओ बिजली अभिषेक राय मौके पर पहुंचे। उपभोक्ताओं ने एसडीओ का घेराव कर जमकर खरी खोटी सुनाई। एसडीओ ने फुंके ट्रांसफार्मरों में से एक को बृहस्पतिवार देर रात तक बदलवाने और दूसरे को भी शीघ्र बदलवाने, जर्जर बिजली के तारों को भी ठीक कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान पहुंचे नायब तहसीलदार अनुराग के समझाने पर उपभोक्ता शांत हुए। इस दौरान प्रधान पति हाजी रियाजतनूर खां मझले, दिलनवाज खान, जैगम खां, ऐशनूर, रेहान खां, मोहम्मद यूनुस खां, आयाज खां, फजल अहमद, इतायत खां, छोटे खां, बुखरान रजा आदि मौजूद रहे।